5 दिन से लापता व्यक्ति का खदान में मिला शव

जहाजपुर (माय सर्कल न्यूज़  रविकांत जोशी)। अपने घर से 5 दिन पहले निकले 45 वर्षीय एक व्यक्ति का खदान में सड़ा हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार चेनपुरिया माइंस की खदानों में लापता व्यक्ति का शव उसके घर से 5 किलोमीटर दूर माइंस में मिला है। सूचना मिलने पर शकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जहाजपुर स्थित मोर्चरी में रखवाया जहां व्यक्ति के परिजनों ने हत्या का संदेह जताते हुए शव उठाने से इंकार कर दिया और चिकित्सालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने लग गए। शकरगढ़ थाना प्रभारी श्रद्धा शर्मा ने बताया कि गुरुवार चैनपुरा माइंस में एक युवक का शव होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। सुबह माइंस से गुजर रहे लोगों ने शव को देखा और सूचना पुलिस को दी। शव करीब 5 से 6 दिन पुराना होने से सड़ गया जिससे जहाजपुर चिकित्सालय स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि 5 दिन पूर्व मेरा भाई राधेश्याम पुत्र सजनिया कंजर निवासी रजवास एवं संजय पुत्र कल्लिया कंजर निवासी कंजर कॉलोनी पंडेर दोनों ही गेहूं लेने के लिए जा रहे थे तभी कुछ लोगों ने अभयपुरा गांव से पीछा किया और चैनपुरा जाते समय दाेनों काे घेर कर उनके साथ मारपीट कि जिससे उसके शरीर में जगह जगह गंभीर चोट लगी है। वही मारपीट में ज्यादा घायल होने से संजय कंजर को भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है। परिजन आराेपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए जहाजपुर चिकित्सालय के बाहर शव लेने से इनकार कर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं एवं मृतक के परिजन पचास लाख रुपए मुआवजा परिवार के एक सदस्य को नौकरी एवं तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हुए हैं। वही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल मीणा थाना प्रभारी राजूराम पलासिया परिजनों से वार्ता कर समझाईस कर रहे है। खबर लिखे जाने तक परिजनों का धरना प्रदर्शन जारी था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ