भीलवाड़ा, (पंकज पोरवाल)। जिले के बिजौलिया उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट की गतिविविधियों की जाँच एवं ट्रस्ट के चुनाव, मंदिर ट्रस्ट की मनमानी के खिलाफ मंगलवार को ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय पर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौपा। इस दौरान ग्रामवासीयो ने ट्रस्ट के विरुद्ध 10 सूत्रिय ज्ञापन सौप निष्पक्ष जांच करा ट्रस्ट के चुनाव कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया है कि शिव रात्रि के मेले को देखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा प्रशासन के सहयोग से मन्दिर के मुख्य गेट के सामने अव्यवस्थित पड़ी ट्रस्ट के रिश्तेदारों की दुकानों को जब से हटाया गया है तब से ट्रस्ट सदस्यों द्वारा मनमानी की जा रही है। ग्रामवासीयो ने ज्ञापन में एक कमेटी बनाकर ट्रस्ट के पंजीकरण, ट्रस्ट के पदासीन पदाधिकारियों, ट्रस्ट की चल अचल संपत्ति की जानकारी, ट्रस्ट द्वारा आवंटित दुकानों की जानकारी, ट्रस्ट में बीते 5 वर्षों में अर्जित आय और खर्च का ब्यौरा, ट्रस्ट द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जाँच, ट्रस्ट के चुनाव करा प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति कर विकास कराने की माँग की है। ज्ञापन देते समय भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुनील जोशी, कौशल शर्मा, योगेश नाहर, माँगीलाल कराड, रणजीत, गोपाल, आनंद पाराशर, तुलसीराम, विशाल, प्रभुराम, सीताराम, मोहन सहित कई लोग मोजूद रहे।
पार्टी विशेष के लोग कर रहे है बदनाम: ट्रस्ट सचिव
मंदिर ट्रस्ट सचिव माँगीलाल धाकड़ ने बताया कि ग्राम पंचायत ने अचानक सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करते हुए 20 वर्षों से लगी दुकानों को शिवरात्रि के मेले से पहले हटा दिया है, इसमें ट्रस्ट के किसी पदाधिकारी के रिश्तेदार की दुकाने नहीं थी। पार्टी विशेष के कुछ लोग मिलकर ट्रस्ट को बदनाम करने की नीयत से बेतुके आरोप लगा रहे है। मंदिर ट्रस्ट पारदर्शी तौर पर कार्य कर रही है, हर माह ट्रस्ट की बैठक का आयोजन किया जाता है, जहां सभी आय व्यय का ब्यौरा रखा जाता है साथ ही ट्रस्ट की ऑडिट कराई जाती है। कुछ लोग ट्रस्ट से अनावश्यक कार्य कराना चाहते है। जिसके चलते विरोध कर रहे है।
0 टिप्पणियाँ