चित्तौड़गढ़, (सलमान)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की मुख्यमंत्री दिव्यांगजन स्कूटी योजना के तहत बुधवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने 4 दिव्यांगजनों को स्कूटी मय हेलमेट वितरण कर चाबी सौंपी। स्कूटी पाकर चारों दिव्यांगजन अशोक सेन, अर्जुन जाट, सोनू पारीक एवं रतनलाल ओढ़ के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने राज्य सरकार और चित्तौड़गढ़ जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामदयाल ने बताया कि जिले में 37 पात्र लोगों को इस योजना के तहत स्कूटी वितरण किया गया है। योजना के अंतर्गत कॉलेज विद्यार्थियों एवं स्वरोजगार करने वाले दिव्यांग जनों को स्कूटी वितरण किया जाता है।
इस अवसर पर परीविक्षा अधिकारी विकास खटीक, अधीक्षक राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह चन्द्र प्रकाश जीनगर एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा मौजूद थे।
गंगरार निवासी अशोक सेन ने बताया कि वे नियमित विद्यार्थी हैं। मोटराइज्ड ट्रायसाईकल मिलने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो जाएगी। वहीं, भदेसर निवासी अर्जुन जाट, राशमी निवासी सोनू पारीक और केलझर गणेशपुरा, निवासी रतनलाल ओढ़ ने बताया कि अब उनकी कई समस्याओं का समाधान हो जाएगा। इससे उनकी जिंदगी को एक नई रफ्तार मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ