चित्तौड़गढ़, (सलमान)। जिले की 299 ग्राम पंचायतों के 1766 गांवों में सोमवार को राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही मानो, जीवन का उत्सव प्रारंभ हो गया। दादा-पोता, देवरानी-जेठानी, भाई-बहन सब मिलकर खेले। कोरोना की काली छाया से उबरने के बाद सोमवार का दिन चित्तौड़गढ़ जिले में ग्रामीण ओलिंपिक सेहत और सामाजिक समरसता का एक नया सवेरा लेकर आया है। चार दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कबड्डी, शूटिंग वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल और हॉकी की कुल 5221 टीमों में 66 हजार 872 लोग शामिल होंगे। इनमें से हार-जीत किसी की भी हो, लेकिन इतना तय है कि इन चार दिनों में खेलेगा चित्तौड़गढ़ और जीतेगा चित्तौड़गढ।
खेल भावना से ही आगे बढ़ेगा देश- राज्य मंत्री जाड़ावत
जिले के बस्सी में जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह में सम्बोधित करते हुए राज्य धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने मेजर ध्यान चंद को याद करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की खेलों के माध्यम से सेहत और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की सोच से प्रेरणा लेने और अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जाड़ावत ने कहा कि खिलाड़ी की कोई जाति या धर्म नहीं होता, जब वह मैदान में उतरता है तो उसका एक ही लक्ष्य होता है कि मुझे विजय हासिल करनी है और टीम का जो कप्तान होता है वो पूरी टीम को साथ लेकर चलता है और लक्ष्य को प्राप्त करता है। यही भावना हमारे देश को आगे बढ़ा सकती है।
उन्होंने जिले में ग्रामीण ओलिंपिक को लेकर उत्साह पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इन खेलों में दादा भी खेलेगा, तो पोता भी खेलेगा, महिलाएं और बच्चियां भी खेलेंगी। ऐसा अनूठा आयोजन गिनीज बुक में दर्ज होगा। इस अवसर पर उन्होंने बस्सी कस्बे के विकास में राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए विश्वास दिलाया कि बस्सी सहित पूरे चित्तौड़गढ़ जिले के विकास में राज्य सरकार कोई कमी नहीं रखेगी। समारोह में उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने देश के विकास में अपना योगदान देने और देश को मजबूत बनाने की अपील की।
खेलेंगे-कूदेंगे तो बनेंगे लाजवाब- जिला कलक्टर पोसवाल
जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने कहा कि राज्य में ग्रामीण ओलिंपिक में 30 लाख से ज्यादा लोग शामिल हो रहे हैं। इतने बड़े स्तर पर कभी आयोजन नहीं हुआ। इसके लिए पूरे राजस्थान में उत्सव का माहौल है। एक समय माता-पिता बच्चों से कहते थे- पढ़ो-लिखो, खेलकूद में समय खराब मत करो। पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब..., लेकिन अब समय बदल चुका है। अब खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत से ज्यादा खेल भावना के साथ खेलने का संदेश देते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य गांवों में खेल का माहौल बनाना है न कि ओलिंपिक, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए खिलाड़ी तैयार करना है।
ग्राम पंचायत स्तर पर जीतने वाली टीमें ब्लॉक स्तर पर खेलेगी और ब्लॉक स्तर पर जीतने वाली टीमें जिला स्तर पर खेलेगी। जिला स्तर पर जीतने वाली टीमें अक्टूबर में राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में जाएगी। जिला कलक्टर पोसवाल ने ग्रामीण ओलिंपिक में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए चित्तौड़गढ़ जिले के राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का भरोसा जताया। जिला कलक्टर ने सभी खिलाड़ियों को ग्रामीण ओलिंपिक की शपथ दिलाई। बस्सी सरपंच जनकसिंह द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने ग्रामीण ओलिंपिक के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए गीत “चालो-चालो रे साथीड़ा, आपां मिलकर खेलां...” सहित राजस्थानी संस्कृति और खेल पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी, जिसे सभी ने जमकर सराहा। उद्घाटन समारोह में ग्रामीण ओलिंपिक खेल के नोडल अधिकारी- जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, चित्तौड़गढ़ उपखण्ड अधिकारी श्याम सुंदर विश्नोई, सीडीईओ प्रमोद कुमार दशोरा, तहसीलदार बस्सी विपिन चौधरी, विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा, जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह, जिला खेल समन्वयक रेखा चौधरी, मुख्य निर्णायक सत्यनारायण ओझा, पंचायत प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी निर्मला शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। शारीरिक शिक्षक पारस टेलर ने प्रभावी मंच संचालन किया।
चित्तौड़गढ़ जिले में ग्रामीण ओलिंपिक- एक नजर में
कुल ग्राम पंचायत- 299
भाग लेने वाले गांवों की संख्या- 1766
कुल रजिस्ट्रेशन- 66 हजार 872
कुल टीमों की संख्या- 5 हजार 221
कबड्डी- 2 हजार 155 टीमों में 26887 खिलाड़ी
टेनिस क्रिकेट- 1123 टीमों में 17 हजार 131 खिलाड़ी
खो-खो- 825 टीमों में 11557 महिला खिलाड़ी
वॉलीबॉल- 691 टीमों में 6987 खिलाड़ी
शूटिंग वॉलीबॉल- 169 टीमों में 1841 खिलाड़ी
हॉकी- 112 टीमों में 2408 खिलाड़ी
0 टिप्पणियाँ