भाजपा का निम्बाहेड़ा में जिला प्रशिक्षण शिविर जारी, विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को दिया मार्गदर्शन

चित्तौड़गढ़। भाजपा के तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के दूसरे दिन विभिन्न सत्रों में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया। 
 निंबाहेड़ा भैरव वाटिका में जारी तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के वक्ताओं ने पार्टी की रीति नीति पर विस्तार से अपनी बात कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुधीर जैन ने विज्ञप्ति में बताया कि  प्रथम दिवस में तीन सत्रों का आयोजन किया गया। 45 मिनट के प्रत्येक सत्र में दूसरे सत्र को पूर्व जिला संगठन प्रभारी दामोदर अग्रवाल ने संबोधित किया जिसमें अध्यक्षता जिला संगठन प्रभारी हेमंत विजयवर्गीय ने की। अग्रवाल ने  "हमारा विचार परिवार" विषय पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने राष्ट्रवाद और सामाजिक उत्थान को मजबूत करने के लिए विचार परिवार के वनवासी कल्याण परिषद ,भारतीय मजदूर संघ,भारतीय किसान संघ,भारत विकास परिषद, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनो के गठन की आवश्यकता और उनके विकास की यात्रा का विस्तृत वर्णन किया। तीसरे सत्र के मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने "केंद्र सरकार की विकास योजनाएं और राज्य की कांग्रेस सरकार की विफलता" विषय पर मार्गदर्शन दिया  और अध्यक्षता बड़ी सादड़ी विधायक ललित ओस्तवाल ने की।
कृपलानी ने केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने और राज्य की कांग्रेस सरकार के कुशासन और दमनकारी और तुष्टिकरण की नीतियों के विरुद्ध आवाज बुलंद कर भाजपा को पुनः सत्ता में लाने का संकल्प लेकर जाने की बात की।
शिविर के द्वितीय दिवस के अगले सत्र "2014 के बाद आया युगांतकारी परिवर्तन "विषय पर जिला संगठन प्रभारी हेमंत विजयवर्गीय  ने मार्गदर्शन दिया व अध्यक्षता जिला मंत्री शंकर गुर्जर ने की ।
विजयवर्गीय ने 2014 के बाद के युग को मोदी युग और स्वर्णिम युग बताया और कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र के साथ महिलाओं, किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं ने एक नए भारत के विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। अगले सत्र में मावली विधायक धर्म नारायण जोशी ने "भारत की मुख्य विचारधारा, हमारी विचारधारा" विषय पर मार्गदर्शन दिया। इस सत्र की अध्यक्षता चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने की। विधायक जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारत की पार्टी है जो सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को विकसित करने के लिए वर्षों पुरानी मैकाले की शिक्षा पद्धति को ठीक करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह आश्चर्य है कि विश्व के 200 देशों में से सिर्फ 6 देशों में अंग्रेजी भाषा का चलन है।
 इसके बाद सहकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर  ने "भारत का बढ़ता सुरक्षा सामर्थ्य " विषय पर अपना उद्वोधन दिया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मिट्ठूलाल जाट ने की।
सामर ने सेना और सैनिकों के सम्मान और उनके मनोबल बढ़ाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार द्वारा कई नवाचार कर उनके जीवन  स्तर को बढ़ाने के लिए आर्थिक सुधार किए हैं।
अगले सत्र में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश भट्ट ने "आत्मनिर्भर भारत" विषय पर अपने विचार रखे। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने की।
अगले सत्र में जिला मीडिया प्रभारी सुधीर जैन ने "मीडिया के व्यवहार एवम उपयोग" विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए व पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट ने सत्र की अध्यक्षता की।  मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए  सुधीर जैन ने कहा कि मीडिया पार्टी के सकारात्मक विचारधाराओं को पहुंचाने का सहज सरल माध्यम है जिस पर सभी को फोकस करना चाहिए।
अगले सत्र में जिलाध्यक्ष गौतम दक ने "पिछले सात वर्षों में अंत्योदय पहल"विषय पर अपना मार्गदर्शन दिया ,सत्र की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष करनल सिंह राठौड़ ने की।
दक ने कहा कि किसानों के मान सम्मान को बढ़ा कर किसान सम्मान निधि योजना, लाभार्थियों के खाते में योजनाओं के पैसे सीधे बैंक खाते में जमा कराने जैसी जनहित योजनाओं को लागू करना मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि है जिसे प्रचारित प्रसारित करना हर भाजपा कार्यकर्ता की नैतिक जिम्मेदारी है।
इसके बाद "सोशल मीडिया की समझ -पी पी टी " विषय पर संभाग सोशल मीडिया प्रभारी यशवंत मंडोवरा ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए और अध्यक्षता जिला महामंत्री तेजपाल रेगर ने की। इससे पूर्व सभी सत्रों में अतिथियों का भाजपा पदाधिकारियों सुरेश गाडरी,सत्यनारायण मेनारिया,अमर सिंह हाड़ा, ज्योतिष पुरोहित, राजेंद्र सिंह,हीरालाल जाट,कमलेश आमेरिया, रोहिताश जाट,लीलाधर जोशी, कालू लाल गायरी आदि ने कमल उपरना पहनाकर  स्वागत किया। भाजपा के इस प्रशिक्षण शिविर में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी,सहित  जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चों, प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ