सीएम गहलोत ने कोटा में 643 करोड़ रूपये की लागत के 21 विकास कार्यों का किया लोकार्पण



जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कोटा में 643.10 करोड़ रूपये की लागत से हुए 21 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने दीपावली से पूर्व कोटा निवासियों को ऐतिहासिक उपहार भेंट किया ।गहलोत ने समारोह में कहा कि कोटा में विकास के एक नए युग की शुरूआत हुई है। नगर विकास न्यास, कोटा ने अपने वित्तीय प्रबंधन और शहरी विकास के रूप में पूरे देश के सामने एक सशक्त मिसाल पेश की है। आज शहर को जो अनुपम स्वरूप निखर कर आया है, वह ऐतिहासिक और अतुलनीय है।
गहलोत ने कहा कि कोविड-19 की विषम परिस्थितियों के बावजूद योजनाबद्ध तरीके से विकास के अद्भूत कार्य हुए हैं। इससे औद्योगिक और शिक्षा नगर के रूप में पहचान स्थापित करने वाला शहर अब पर्यटन की दृष्टि से भी देश-विदेश में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ आधुनिकता का समावेश कर निवेश की दृष्टि से भी शहर को आकर्षक बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर सजावटी रोशनी, चौराहों के हैरिटेज लुक और शहर के प्रवेश मार्गों पर फसाड़ कार्य पूरा होने से रात्रि के समय कोटा आने वाले नागरिकों को शहर का नया स्वरूप दिखेगा। यहां हैरिटेज संरक्षण, कला-संस्कृति, परम्परा, शौर्य, शांति और वास्तुशिल्प का अनूठा उदाहरण पेश किया गया है। पूरे शहर को ट्रैफिक सिग्नल फ्री बनाकर सुगम यातायात प्रबंधन करना और भारी बारिश के बावजूद अंडरपास में जलभराव नहीं होना, एक बड़ी उपलब्धि है।

राज्य जनकल्याणकारी योजनाओं को केंद्र करें लागू

गहलोत ने कहा कि राजस्थान जनकल्याणकारी योजनाओं में मॉडल स्टेट बन रहा है। यहां मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा रसोई योजना, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, उड़ान योजना, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना सहित अनेकों योजनाओं से हर एक व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है। किसानों और घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिलों में राहत मिली है। राज्य कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू की गई और सामाजिक सुरक्षा के तहत लगभग 1 करोड़ लोगों को पेंशन दी जा रही है। इससे सभी वर्गों को सामाजिक और आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री से राज्य की ऐसी योजनाओं को पूरे देश में लागू करने का आग्रह किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ