बेगूं में मिनी हरित क्रांति साबित होगा पायलट प्रोजेक्ट- विधायक बिधुड़ी


चित्तौड़गढ़। जिले की बेगूं पंचायत समिति के ऐसे 500 लघु एवं सीमांत किसान, जिन्होंने पहले कभी सब्जी उत्पादन नहीं किया, उनके लिए सोमवार का दिन आर्थिक उन्नति की एक नई सुबह लेकर आया। बेगूं के राजकीय विद्यालय के खेल मैदान में सैकड़ों की संख्या में आसपास के क्षेत्रों से किसान जुटे। आम तौर पर किसानों की उन्नति को लेकर बातें तो की जाती हैं, लेकिन उनकी आय बढ़ाने का कोई सशक्त माध्यम नहीं मिलता। इसी बात को ध्यान में रखकर जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने जिले में नवाचार करते हुए तीन पंचायत समितियों से 1500 किसानों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत मटर की उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करने का बीड़ा उठाया।
चित्तौड़गढ़ और निम्बाहेड़ा के बाद बेगूं में सोमवार से यह पायलट प्रोजेक्ट प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बेगूं विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी ने जिला कलक्टर के इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि यदि सच्ची लगन से काम किया जाए तो उससे सकारात्मक परिणाम सामने आते ही हैं। उन्होंने देश में हरित क्रांति का उदाहरण देते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि इस प्रयोग से क्षेत्र के किसानों की आय बढ़ेगी और यह मिनी हरित क्रांति साबित होगी।
 
सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को किया याद

विधायक बिधुड़ी और जिला कलक्टर पोसवाल ने लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल और देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सोमवार को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर देश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए विधायक बिधुड़ी ने इनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
 
नवाचार को अपनाएं, दुरूपयोग न हो- जिला कलक्टर पोसवाल

जिला कलक्टर पोसवाल ने किसानों को नवाचार के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए किट का सदुपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मटर की खेती के लिए जरूरी सभी खाद-बीज, रासायनिक उर्वरक, प्रशिक्षण आदि सरकार की ओर से निशुल्क प्रदान किए जा रहे हैं, इस पर जो भी खर्च होगा सरकार उठाएगी, और आमदनी आपकी होगी। लेकिन इसका दुरूपयोग न हो, यह आप सबकी जिम्मेदारी है। जिला कलक्टर ने प्रत्येक बीस किसानों पर एक सुपरवाइजर नियुक्त करने, किसानों से नियमित संपर्क में रहने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और जिओ टेगिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस अवसर पर बेगूं नगर पालिका अध्यक्ष रंजना शर्मा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, उपखण्ड अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।
दिव्यांगजनों को बांटी ट्राई साइकिल

इस अवसर पर विधायक राजेंद्र सिंह बिधुड़ी और जिला कलक्टर पोसवाल ने समाज कल्याण विभाग की ओर से दो दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और नगरपालिका में एक सफाईकर्मी को नियुक्ति पत्र भी सौंपा। इससे पहले उपनिदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद शंकरलाल जाट, उपनिदेशक कृषि (विस्तार) एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा चित्तौड़गढ दिनेश कुमार जागा ने किसानों को राज्य सरकार की योजनाओं और कृषि की नई तकनीकों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर किसानों को मटर की उन्नत खेती से संबंधित बुकलेट का भी वितरण किया गया।  
पायलट प्रोजेक्ट में ये शामिल

मटर उत्पादन हेतु डिस्ट्रिक्ट मिनिरल फाउंडेशन ट्रस्ट मद अंतर्गत जिले के 1500 कृषकों को उन्नत खेती करने हेतु पायलट प्रोजेक्ट लिया गया है। इसके अन्तर्गत चयनित कृषकों को 0.1 हेक्टेयर (आधा बीघा) क्षेत्रफल हेतु मटर का 10 किलोग्राम उन्नत बीज किस्म सोना 1010 एवं 250 मिलीलीटर जैविक कल्चर की बोटल, 5 किलो यूरिया उर्वरक एवं 25 किलोग्राम सिंगल सुपर फास्फेट उर्वरक, 5 किलोग्राम सूक्ष्म पोषक तत्व मिक्सर, कीटनाशी रसायन का फसल अवधि के दौरान आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराया जाएगा। इस पर लगभग 75 लाख का खर्च होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ