5 दिन में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में परिवर्तन न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी


चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार द्वारा बिजली विभाग को किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति बंद कर रात्रि में बिजली आपूर्ति के आदेश दिए जाने पर आक्रोश जताते हुए मंगलवार को जिला कलेक्टर के मार्फत मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। 
जिला मीडिया प्रभारी सुधीर जैन ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री चंद कृपलानी ,भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक ,विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, ललित ओस्तवाल, जिला प्रमुख डॉ सुरेश धाकड़, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष गब्बर अहीर द्वारा कलेक्टर अरविंद पोसवाल को मुख्यमंत्री के नाम सौंपे  गए ज्ञापन में कहा कि अन्नदाता किसानों को खेती के लिए बिजली की आपूर्ति रात्रि में करने के नवीन आदेश किसान हित में नहीं होने से इन आदेशों को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए और किसानों को दिन में खेती हेतु बिजली आपूर्ति किए जाने की व्यवस्था लागू की जाए। रात्रि में पिलाई के साधन नहीं होने से साथ ही जंगली में जहरीले जानवरों का खतरा होने से किसानों को काफी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है ।वर्तमान में खेत में प्रथम पिलाई होने और खेतों के सूखा होने से पानी की ज्यादा मात्रा चाहिए परंतु वर्तमान व्यवस्था काफी नहीं होने से बिजली आपूर्ति दिन में 8 घंटे की जाए।  
भारतीय जनता पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों को खेती हेतु बिजली आपूर्ति की वर्तमान व्यवस्था में  5 दिन में परिवर्तन नहीं किया गया तो पार्टी को किसान हित में जन आंदोलन करना पड़ेगा जिसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।
भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष गौतम दक ने ने किसानों को डीएपी खाद समय पर न मिलने पर रोष जताते हुए कहा कि किसानों को डीएपी खाद के साथ अतिरिक्त 240 रुपए लेकर जबरदस्ती नैनो नामक कृषि रसायन  दिया जा रहा है जो न्यायोचित नहीं है। इस पदार्थ को न लिए जाने पर किसानों को डीएपी नहीं दिया जा रहा है जो नियम विरुद्ध है ।
 पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने आरोप लगाया कि डी ए पी और यूरिया सप्लाई में भेदभाव किया जा रहा है और कई भाजपा समर्थित जी एस एस पर  आगे राशि भेज दिए जाने पर भी  सप्लाई नहीं की जा रही है वहीं कांग्रेस समर्थित जी एस एस पर दो से अधिक बार सप्लाई कर दी गई है । किसानों के साथ इस प्रकार का भेदभाव गलत है जिसे तुरंत समाप्त कर अन्नदाता किसानों को समय पर खाद,बीज, यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की  जानी चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ