कृषि विज्ञान केंद्र के मार्फत 85 कृषकों का भ्रमण कार्यक्रम

चित्तौड़गढ़, (अभियंता अनिल सुखवाल)। कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़गढ़ के मार्फत चित्तौड़गढ़ जिले से कुल 85 कृषकों का एक दल भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उदयपुर जिले के वल्लभनगर कृषि विज्ञान केंद्र के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित होने वाली किसान गोष्ठी व तकनीकी कृषि प्रदर्शनी में भाग लेने पहुंचा।
किसान गोष्ठी में चित्तौड़गढ़ सांसद सी पी जोशी, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र कुमार तोमर, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी एवं महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलपति डाॅक्टर अजीत कुमार (कर्नाटक) ने कृषकों को संबोधित किया और किसानों को कृषि की योजनाओं व नवीन कृषि तकनीकों की जानकारियों सहित ड्रोन आदि पर प्रकाश डाला।
गोष्ठी में केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर रतनलाल सोलंकी ने भी मिट्टी के स्वास्थ्य एवं पोषक प्रबंधन पर तकनीकी जानकारी दी। 
कृषि प्रदर्शनी में जिले के किसान मोहनलाल तुषावड़ा ने मधुमक्खी पालन से तैयार शहद की स्टाल में शहद उत्पादन एवं शहद की गुणवत्ता के बारे में उपस्थित अतिथियों को अवलोकन कराया। चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा से जैविक कृषक प्रहलाद उपाध्याय केली ने जैविक देसी खाद से पैदा किया हुआ बड़ा कद्दू फल का प्रदर्शन किया और जैविक खेती के विषय में जानकारी दी। 
भ्रमण के दौरान चित्तौड़गढ़ के सभी 85 किसानों ने कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर कृषि सम्बन्धी जानकारियां अर्जित की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ