कपासन उपकारागृह का किया निरीक्षण


  
चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश चित्तौड़गढ़ ओमी पुरोहित के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश भानु कुमार द्वारा शनिवार को उपकारागृह कपासन का निरीक्षण किया गया। उपकारागृह में निर्मित बैरकों, रसोईघर, स्नानघर एवं शौचालयों का निरीक्षण किया गया। बैरकों में लाईट एवं पंखों की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया जो समुचित पाई गई। बंदियों को दिए जाने वाले पेयजल एवं खान-पान की वस्तुओं को जांचा व परखा गया जो नियमानुसार सही पाई गई। बैरकों बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में उनसे वार्ता कर सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई, जिसे समुचित पाया गया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में बंदियों की परेड करवाई जाकर प्रत्येक बंदी से जेल सुविधाओं व उनके लंबित प्रकरणों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके बताए अनुसार समस्यों के निराकरण हेतु उपकारापाल सीताराम यादव को मौके पर ही आदेशित किया गया। साथ ही बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी देते हुए उनके अधिवक्ता के बारे में जानकारी ली जिस पर कुछ बंदियों के अधिवक्ता नही होने पर बंदियों के नियमानुसार निःशुल्क विधिक सहायता के फाॅर्म भरवाकर अधिवक्ता नियुक्त करने हेतु निर्देशित किया।
 उपकारागृह की कुल क्षमता 25 बंदियों की है किन्तु वर्तमान में 42 बंदी उपस्थित थे जो क्षमता से अधिक बंदी होने से उच्चाधिकारियों से बात कर बंदियों को अन्य जेल में भेजे जाने के निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ