तुर्किये-सीरिया में फिर भूकंप, 3 की मौत, 200 से अधिक घायल


तुर्किये और सीरिया (Turkey-Syria) में 14 दिन बाद एक बार फिर से सोमवार रात 8.04 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.4 रही। इसकी गहराई 2 किलोमीटर तक रही। इसके बाद आए आफ्टर शॉक्स की तीव्रता 3.4 से 5.8 रही। जिससे 3 लोगों की मौत हो गई और 294 घायल हो गए।
तुर्किये-सीरिया बॉर्डर वाले इलाके में 68 घंटे में 11 भूकंप (Earthquake) आए हैं। तुर्किये की अनादोलु समाचार एजेंसी के सरकारी सूत्रों के मुताबिक तीन जगहों पर खोज और बचाव की कोशिश की जा रही है। सोमवार को आए भूकंप के झटके लेबनान, इजराइल और साइप्रस में भी महसूस किए गए। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीसमोलॉजिकल सेंटर के मुताबिक, अभी आगे और आफ्टर शॉक्स झेलने पड़ सकते हैं।
6 फरवरी को आए 3 बड़े भूकंप से तुर्किये और सीरिया में मरने वालों की संख्या 47 हजार से ज्यादा हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू एच ओ) के मुताबिक दोनों देशों में 2 करोड़ 60 लाख लोगों को मदद की जरूरत है। पिछले 75 साल में पहली बार डब्ल्यूएचओ इतने बड़े लेवल पर रेस्क्यू ऑपरेशन कर रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ