चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी में एक जमीन पर कब्जे को लेकर पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी के पुत्र और रिश्तेदारों के विरूद्ध सीएम के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर कुछ लोगों ने कार्यवाही की मांग की है। बड़ीसादड़ी निवासी उर्मिला नागौरी, कौशल्या बंसल, मानमल मोगरा आदि ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को दिये ज्ञापन में बताया कि सभी लोगों की संयुक्त खातेदारी की 0.41 हैक्टेयर भूमि बड़ीसादड़ी कस्बे में स्थित है इस भूमि पर पिछली 3 फरवरी को पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी के पुत्र संजय चौधरी, लखन पुत्र किशन चौधरी आदि आए और अपने साथ कुछ हथियार बंद लोगों को भी लेकर आए और अनाधिकृत रूप से उनकी भूमि पर जेसीबी मशीन से खुदाई करना शुरु कर दिया। जब इस बात की जानकारी उन्हें मिली तो वे मौके पर पहुंचे और उर्मिला देवी ने उन्हें जेसीबी चलाने से मना किया तो अभियुक्त लखन चौधरी ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया जिससे उसके चोंटे आई और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने अपने ज्ञापन में बताया कि इस भूमि का मामला पहले से ही राजस्थान उच्च न्यायालय में चल रहा है जिस पर स्थगन लगा हुआ है और अपर जिला एवं सेशन न्यायालय में भी इस प्रकरण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है लेकिन यह लोग जबरन भूमि पर कब्जा करने की नियत से जेसीबी लेकर वहां पहुंच गए और मारपीट करने पर आमादा हो गए।
बड़ीसादड़ी कस्बे में 0.41 हैक्टेयर कृषि भूमि शहर के बीच में होने से इसकी कीमते बढ़ गई है और इसी कारण इस भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। अपनी रिपोर्ट में प्रार्थिया उर्मिला ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी के पुत्र और साले सहित परिवार के लोगों का मामला होने के कारण पुलिस भी कोई कार्यवाही नहीं कर रही है और लठ्ठ के बल पर अवैध रूप से कब्जा करना चाहते है। उन्होंने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही करने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ