बंटी आंजना हत्याकांड मामला : सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा का जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन


चित्तौड़गढ़। निम्बाहेड़ा का बंटी आंजना हत्याकांड की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है वहीं भाजपा इस मामले को भुनाने में जुटी है। पिछले 7 दिनों से निम्बाहेड़ा उपखंड के उपखंड कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा था इसी बीच आज जिला भाजपा के बैनर तले चित्तौड़गढ़ मुख्यालय के कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया और राज्यपाल के नाम जिला कलक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंप कर आक्रोश जताया। इस दौरान पूर्व मंत्री श्रीचंद्र कृपलानी ने कहा कि राजस्थान सरकार के कार्यकाल में आपराधिक घटनाओं का रिकॉर्ड बनता जा रहा है। प्रदेश में जहां महिला अत्याचार के मामले बढ़े है वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे है। निम्बाहेड़ा में हुई हत्या के मामले में बोलते हुए उन्होंने कहा कि घटना की जांच सीबीआई से होनी चाहिए क्योंकि मृतक के परिजनों ने प्रदेश केकेबिनेट मंत्री और उसके भांजे पर आरोप लगाए है। उन्होंने निम्बाहेड़ा विधायक उदयलाल आंजना के इस्तीफे की भी मांग की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक ने कहा कि भाजपा इस मामले पर लगातार ध्यान आर्कष्ट कर रही है लेकिन सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है और इस मामले की जांच केन्द्र की एजेन्सी से कराई जानी चाहिए क्योंकि मामला प्रदेश सरकार के मंत्री से जुड़ा है। धरने के दौरान विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, अर्जुन लाल जीनगर, ललित ओस्तवाल, पूर्व यूआईटी चैयरमेन सुरेश झंवर, पूर्व उपजिला प्रमुख मिठुलाल जाट, पूर्व डेयरी चेयरमेन बद्रीलाल जाट, आईएम सेठिया, पूर्व सभापति सुशील शर्मा, अनन्त समदानी, गौरव त्यागी, नगर अध्यक्ष सागर सोनी, कमलेन्द्र सिंह हाड़ा आदि ने संबोधित किया। धरने का संचालन विश्वनाथ टांक ने किया। इस दौरान भाजपा नगर और जिले के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।
इस दौरान जिला भाजपा द्वारा दिए धरने के बाद कलेक्ट्रेट पर मावन श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन देकर बताया कि 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद निम्बाहेड़ा, छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र में अपराधिक घटनाएंं हो रही है और राजनीतिक हत्याओं का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने जनवरी में भाजपा सरपंच केरिंग सिंह मीणा की हत्या, कांग्रेस समर्थित सरपंच द्वारा भाजपा कार्यकर्ता भूरालाल की बोलेरा गाड़ी से कुचल कर की गई हत्या, केसुन्दा के भाजपा कार्यकर्ता विकास प्रजापत द्वारा खुद के घर पर झंडा लगाने के कारण की गई हत्या का उल्लेख करते हुए गत 2 फरवरी को भाजपा के बूथ अध्यक्ष बापूलाल आंजना के पुत्र विकास उर्फ बंटी आंजना की 8 गोलियां मारकर की गई हत्या के मामले उठाए और ज्ञापन में बताया कि मृतक के पिता व रिश्तेदार ने स्थानीय विधायक और उनके भांजे विक्रम आंजना के खिलाफ आरोप लगाए है। ज्ञापन में यह भी बताया कि समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले करना, एनडीपीएस के झूठे मुकदमों में भाजपा कार्यकर्ताओं का फंसाना जैसे काम किए जाते रहे है और इन्हें उजागर करने वाले मीडियाकर्मियों को डराया-धमकाया जाता रहा है। ज्ञापन में पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराकर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ