सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ शिविर सम्पन्न


चित्तौड़गढ़, (सलमान)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय बी.पी. पार्क किला रोड़ चित्तौड़गढ़ पर 20 से 26 फरवरी 2023 तक आयोजित बी.एस.टी.सी. छात्राध्यापक व छात्राध्यापिका स्काउट गाइड ग्रुप शिविर के अंतिम दिवस से पूर्व समापन समारोह का आयोजन मुख्य अतिथि भावना शर्मा, विशिष्ट अतिथि अखिलेश श्रीवास्तव, अनिक्षित श्रीवास्तव एवं पूर्व शिक्षा उपनिदेशक श्याम सिंह मण्डलिया की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का संगठन का स्कार्फ पहनाकर स्वागत व अभिनन्दन किया गया। 
मुख्य अतिथि भावना शर्मा ने स्काउट गाइड को संबोधित करते हुये कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की जरूरत है अगर हम अभी भी नहीं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक नहीं हुये तो आने वाले समय में हमें गम्भीर परिणाम भुगतने होंगे। पर्यावरण संरक्षण वन विभाग के साथ-साथ संसार के प्रत्येक इन्सान की जिम्मेदारी है, जिसे हमें अभी से जागरूक होकर निभाना होगा। उन्होंनें स्काउट गाइड के माध्यम से लोगों से अपील की हें कि पर्यावरण संरक्षण के लिये ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाये, वृक्षों को काटने से बचायें और पॉलीथीन का उपयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड प्रकृति प्रेमी होता है और हमारा कर्तव्य है कि हम आमजन को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, उर्जा संरक्षण, स्वच्छता अभियान आदि कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को अपना योगदान देने के लिये प्रेरित करें। 
अध्यक्षता कर रहे श्याम सिंह मण्डलिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट गाइड संगठन के माध्यम से बालक-बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, समय की पावन्दी, नेतृत्व क्षमता, देशप्रेम, समाज सेवा व कौशल विकास जैसे गुणों का विकास होता है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अखिलेश श्रीवास्तव व अनिक्षित श्रीवास्तव ने भी संभागियों को संबोधित करते हुये स्काउटिंग को जीवन जीने की कला बताया।  
चन्द्र शंकर श्रीवास्तव सीओ स्काउट चित्तौड़गढ़ ने बताया कि शिविर के अन्तर्गत डाइट चित्तौड़गढ़, मेवाड़ यूनिवर्सिटी गंगरार एवं श्रीनाथ बी.एस.टी.सी. कॉलेज के प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्र व छात्रा सहभागिता कर स्काउट गाइड का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें है। शिविर के अन्तर्गत संभागियों के व्यक्तित्व विकास व मार्गदर्शन हेतु प्रमोद कुमार दशोरा अति. जिला परियोजना समन्वयक समसा, सी.ए. डॉ. इन्द्रमल सेठिया द्वारा शिविर का अवलोकन किया गया। शिविर के अंतिम दिवस प्रातः सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया जिसमें सभी धर्मों का सम्मान करते हुये स्काउट गाइड को ईश्वर के प्रति कर्तव्य का बोध कराते हुये विश्व शान्ति व देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया गया।  
शिविर संचालक चतर सिंह राजपूत ने बताया कि शिविर में संभागियों को स्काउट गाइड आन्दोलन की जानकारी, नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झण्डागीत, राष्ट्रगान, ध्वज शिष्टाचार, ध्वज के प्रकार, पायनीयरिंग, प्राथमिक सहायता, खोज के चिन्ह, अनुमान लगााना, हाइक, सामुदायिक विकास कार्यक्रम, लेे आउट एवं गैजेट््स, गणवेश एवं रखरखाव, स्वावलम्बन, साहसिक व सॉस्कृतिक गतिविधि आदि विषयों का प्रशिक्षण देकर समाज व देश सेवा हेतु तैयार रहने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में प्रशिक्षक के रूप में सत्यनारायण सोमानी, लक्ष्मी लाल आचार्य, कैलाश चन्द्र अहीर, गाइडर नेहा टेलर, सर्विस रोवर युवराज तम्बोली अपनी सेवाएं प्रदान की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ