मोबाइल टावर पर झंडी लगाते युवक का पैर फिसला, नीचे गिरने से मौत


चित्तौड़गढ़। शहर के सेंती इलाके में नववर्ष की झंडिया लगाने के दौरान एक युवक मोबाइल टावर से गिर पड़ा। उसे जिला चिकित्सालय लाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। यह घटना बीती रात 11 बजे बाद की बताई जा रही हैं। दरअसल सदर थाना अंतर्गत सेंट्रल एकेडमी स्कूल सेंती के पास गत रात्रि नव वर्ष के उपलक्ष में कुछ युवा झंडिया लगा रहे थे। इस दौरान एक मोबाइल टावर पर झंडी लगाने के लिए पास में ही रहने वाला 23 वर्षीय नरेंद्र सिंह पुत्र उदय सिंह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर झंडी लगाने के दरमियान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर करीब 20 फीट नीचे जा गिराl अचानक इस घटना से उसके साथियों में हड़कंप मच गया और कई वहां से भाग छूटे। हल्ला मचने पर तत्काल ही आसपास के लोग भी पहुंच गए और उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी सांसे टूट चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सदर पुलिस को सूचना दी गई। सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सुभाष कुमारी कहार हॉस्पिटल पहुंची जहां मृतक के चाचा अर्जुन सिंह की रिपोर्ट पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पता चला है कि मृतक ऑटोमोबाइल का काम करता था और अपने भाई तथा माता-पिता सहित पूरे परिवार के पालन पोषण का जिम्मा संभाल रहा था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ