प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर और उसके साथ पटवारी को 3 हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने दबोचा

चित्तौड़गढ़। उदयपुर एसीबी ने चित्तौड़गढ़ कोतवाली के प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर व एक पटवारी को 3 हजार की रिश्वत लेते धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ के गांधी नगर इलाके में रहने वाली अकीला बेगम पत्नी नासीर खान ने सोमवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो स्पेशल यूनिट उदयपुर को शिकायत की कि चित्तौड़गढ़ कोतवाली में उसके पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज है। जिसमें उप निरीक्षक रामसिंह गुर्जर अनुसंधान पत्रावली जल्दी तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के बदले दस हजार रूपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का ब्यूरो की टीम ने मांग का सत्यापन करवाया तो रिश्वत राशि की पुष्टि हो गई। इस पर एसीबी के उप महानिरीक्षक उदयपुर राजेन्द्र प्रसाद गोयल के सुपरविजन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी उदयपुर उमेश ओझा के निर्देशन में स्पेशल यूनिट की टीम के पुलिस निरीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित, हेडकांस्टेबल नन्द किशोर पाण्ड्या, लालसिंह, दिनेश कुमार व राजेश कुमार चित्तौड़गढ़ पहुंचे। मंगलवार रात को प्रशिक्षु उप निरीक्षक रामसिंह गुर्जर ने कोतवाली में ही तीन हजार रूपए की रिश्वत लेकर अपने साथी देवेन्द्र कुमार को दिए। इशारा पाते ही एसीबी टीम ने प्रशिक्षु एसआई प्रतापगढ़ जिले के छायण गांव निवासी रामसिंह पुत्र बाबूलाल गुर्जर व उसके साथ मीणों का कंथारिया निवासी व पटवार मण्डल बोलों का सांवता में पटवारी पद पर कार्यरत देवेन्द्र कुमार पुत्र रामप्रसाद बारेठ को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ