रंधवा बोले - पायलट अनशन की जगह विधानसभा में बोलते, जल्दबाजी में नही होगा कोई डिसीजन

जयपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सचिन पायलट के अनशन पर एक बार फिर पुराना स्टैंड दोहराते हुए तंज कसा है। रंधावा ने पायलट मुद्दे पर कहा- अनशन से पहले मैंने जो बयान दिया वही पार्टी का स्टैंड है। सचिन पायलट से मेरी बात होती रहती है, उनका कॉल आ गया था। रंधावा बिड़ला ऑडिटोरियम में मीडिया से बात कर रहे थे। सचिन पायलट के अनशन से ठीक पहले 10 अप्रैल की रात को बयान जारी कर रंधावा ने पायलट के अनशन को पार्टी विरोधी गतिविधि बताया था।
सचिन पायलट के अनशन के बाद कार्रवाई के सवाल पर रंधावा ने कहा- जो बात विधानसभा में हो सकती थी। उससे बड़ा कोई प्लेटफार्म नहीं होता। वहीं पर विपक्ष बैठा था। मुख्यमंत्री बैठे थे। पूरे कांग्रेस के विधायक थे, वहीं पर भाजपा थी। बोलना चाहिए था कि हमारी सरकार ने आज तक क्या किया? उससे बड़ा प्लेटफार्म नहीं हो सकता। सामने सीएम बैठे होते वहीं पर जवाब देते। सीएम को जवाब देना पड़ता।
रंधावा ने कहा- अनशन करना यह व्यक्तिगत हो सकता है, लेकिन जो मैंने पहले कहा है। वही पार्टी की बात है। पार्टी का वही स्टैंड है। आज भी कह रहा हूं। पायलट गवर्नर एड्रेस के समय भ्रष्टाचार की बात बोलते। गवर्नर एड्रेस ऐसी बात है, वहां पर सीएम को रिप्लाई देना पड़ता।
रंधावा ने कहा- मुझे राजस्थान का प्रभारी बने हुए अभी पांच ही महीने हुए हैं। राजस्थान बड़ा स्टेट है। उसको समझना। यहां इतने बड़े नेता हैं। मैं इतनी जल्दी ऐसा कोई डिसीजन नहीं करना चाहता। जो भी डिसीजन होगा, वह पार्टी हित में होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ