चित्तौड़गढ़। तमिलनाडु से अपने घर भीलवाड़ा लौट रहे एक युवक की ट्रेन से गिरने पर मौत हो गई। रास्ते में चंदेरिया में अपनी बहन के घर रुकने वाला था। संभावना है कि ट्रेन के गेट के पास खड़ा या बैठा होने से बैलेंस बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। घटना मंगलवार देर रात की है।
हादसे की सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस पहुंची और मोर्चरी में शव को रखवाया। पुलिस ने सुबह युवक के मोबाइल से सिम निकालकर परिजनों को फोन किया। तब जाकर उसकी पहचान हो पाई। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
जीआरपी थाने के हेड कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात स्टेशन मास्टर का फोन आया कि बीएसएनएल ऑफिस के पास पटरी पर एक शव पड़ा है। शव को चित्तौड़गढ़ जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। सुबह मृतक के बंद पड़े मोबाइल से सिम निकालकर फोन किया। तब उसकी पहचान पिताश बागौर, भीलवाड़ा निवासी दीपक (30) पुत्र ओमप्रकाश गवारिया के रूप में हुई। जेब से उज्जैन से भीलवाड़ा की एक टिकट भी मिला था। इसके अलावा अलग-अलग दो-तीन टिकट उसके जेब में रखे हुए थे। मंगलवार रात को 8 बजे उसने अपनी बहन को फोन किया था। उसने फोन पर कहा था की वो 10:30 बजे मंजू गवारिया के घर पहुंच जाएगा। फिर सुबह नहा धो कर फिर भीलवाड़ा जाएगा। लेकिन इससे पहले ही चित्तौड़गढ़ में हादसा हो गया।
सुबह सूचना मिलते ही परिवार वाले चित्तौड़गढ़ पहुंचे। यहां जीआरपी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि 5 साल पहले ही मृतक की शादी हुई थी और उसके 2 साल का एक बच्चा भी है।
0 टिप्पणियाँ