शाहपुरा में 21 जुलाई को होगा ब्लाॅक स्तरीय युवा महोत्सव

•युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए होंगे रजिस्ट्रेशन
शाहपुरा, (माय सर्कल न्यूज़ @मूलचन्द पेसवानी)। राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से प्रस्तावित राजस्थान युवा महोत्सव को लेकर शाहपुरा प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शाहपुरा में 21 जुलाई को यह आयोजन राजकीय महाविद्यालय में होगा। 
शाहपुरा में उपखंड अधिकारी आईएएस गौरव बुढ़ानिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ब्लॉक स्तरीय आयोजनं के लिए कमेटियां गठित कर दायित्व सौंपते हुए कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी ने मंगलवार को आयोजन से जुडे सभी विभागों, संस्थानों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियां को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महोत्सव में भाग लेने के लिए इच्छुक 15 से 29 वर्ष के प्रतिभाशाली युवा कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के लिए राजस्थान युवा बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसमें गैरअध्ययनरत भी पंजीयन करा सकते है। इस प्रतियोगिता के लिए गठित निर्णायक मंडल में संचिना कला संस्थान के अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक को शामिल किया गया है। 
उपखंड अधिकारी बुढ़ानिया ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की विलुप्त होती कलाओं को पुनर्जीवित करने तथा युवा प्रतिभाओं को तलाश कर उन्हें प्रोत्साहित करने की मंशा से यह आयोजन कर रही है। सरकार की भावना के अनुरूप शाहपुरा में भी पूर्ण गरिमा के साथ भव्य रूप से यह आयोजन किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
बैठक में काॅलेज प्राचार्य प्रो. रामावतार मीणा को निर्देशित किया गया कि वो काॅलेज विद्यार्थियों से अधिकाधिक पंजीयन करावें। 
बैठक में मुख्य ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी द्वारका प्रसाद पारीक ने युवा महोत्सव को लेकर राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से जारी गाइड-लाइन की विस्तृत जानकारी दी। एसडीओ ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को अवगत कराने, राजकीय व निजी महाविद्यालयों में सांस्कृतिक समिति के माध्यम से छात्र-छात्राओं तक जानकारी पहुंचा कर पंजीयन कराने, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड संघ, राष्ट्रीय सेवा योजना, खेल विभाग आदि के माध्यम से भी युवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
21 जुलाई को होगा ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव--मुख्य ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी द्वारका प्रसाद पारीक ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव 21 जुलाई को शाहपुरा में राजकीय महाविद्यालय में होगा। युवा महोत्सव के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोक गायन, नाटक, शास्त्रीय नृत्य-कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, मणिपुरी, कचिपुरी नृत्य, शास्त्रीय एकल गायन, आशुभाषण, समूह चर्चा, स्लोगन, कविता लेखन, शास्त्रीय वाद्य यंत्र सितार, बांसुरी, तबला, मृदंग, वीणा, हारमोनियम, गिटार वादन, योगा, मार्शल आर्ट, चित्र कला पोस्टर बनाना, मिट्टी मॉडलिंग, भित्ति चित्र, लुप्त एवं दुर्लभ कला जैसे फड़, रावण हत्था, रम्मत, अलगोजा, माण्डणा, कठपुतली, खडताल, भपंग आदि की प्रतियोगिताएं हांगी।
रजिस्ट्रेशन 9 जुलाई तक--युवा महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। इसके लिए 9 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। अभ्यर्थियों को राजस्थान युवा बोर्ड की वेबसाइट डब्लू डब्लू डब्लू डॉट यूथ बोर्ड डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर राजस्थान यूथ फेस्टिवल-2023 आइकन पर क्लिक कर अपना जिला एवं ब्लॉक सलेक्ट करने पूर्ण विवरण के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उसके बाद उसका प्रिंट निकालकर ब्लॉक शिक्षाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
विजेताओं को मिलेगा कलारत्न अवार्ड--ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव में प्रत्येक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता दलों को कलारत्न लोगो सहित स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर सामूहिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र के साथ 20 हजार रूपए, द्वितीय को 15 हजार रूपए तथा तृतीय को 10 हजार रूपए नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। एकल प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि क्रमशः पांच हजार, तीन हजार एवं दो हजार रूपए रहेगी।
उपखंड कार्यालय में हुई बैठक में काॅलेज प्राचार्य प्रो. रामावतार मीणा, एनएसएस प्रभारी धर्मनारायण वैष्णव, स्काउट संघ के सचिव उर्मिला पाराशर, संचिना अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक, नगर पालिका के जेईएन कुलदीप जैन, नवनीत राणावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ