●ग्रामीणों द्वारा उप तहसील के बाहर दिया जा रहा धरना, चौराहे पर टायर जला किया प्रदर्शन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जिले की बड़लियास उप तहसील को तहसील में क्रमोन्नत करने की मांग को लेकर कस्बा आज दूसरे दिन भी बंद रहा। ग्रामीणों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। उप तहसील कार्यालय के बाहर धरना दिया जा रहा है। उनकी मांग है कि बड़लियास उप तहसील को तहसील में क्रमोन्नत किया जाए, जबकि सरकार ने सवाईपुर को तहसील बना दिया। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बड़लियास उप तहसील को तहसील में क्रमोन्नत करने की मांग लंबे समय से चल रही थी। सरकार ने शाहपुरा जिले के गठन के बाद भीलवाड़ा जिले का सीमांकन किया। इस दौरान सवाईपुर को तहसील बनाने की घोषणा की गई। इसके बाद से बड़लियास क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने सवाईपुर के बजाय बड़लियास को तहसील बनाने की मांग करते हुए सोमवार से तहसील बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर बड़लियास अनिश्चितकालीन बंद कर दिया। वे भीलवाड़ा पहुंचे और जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। आज दूसरे दिन भी बड़लियास कस्बा पूर्णतः बंद है। बाजार के बंद होने से गलियों में सन्नाटा सा पसरा हुआ है। आज भी ग्रामीणों ने मुख्य चौराहे पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। राजस्व मंत्री रामलाल जाट व राज्य मंत्री धीरज गुर्जर के खिलाफ नारेबाजी की। उप तहसील के बाहर ग्रामीण टेंट लगाकर धरना पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक बड़लियास को तहसील में क्रमोन्नत नहीं किया जाएगा तब तक धरना जारी रहेगा। अगर मांगे जल्दी नहीं मानी गई तो वे भूख हड़ताल व चक्का जाम भी करेंगे।
धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
मंगलवार को धरना-प्रदर्शन में सरपंच प्रकाश चंद्र रेगर, जीवा खेड़ा पूर्व सरपंच शोभा लाल जाट, पंचायत समिति सदस्य दिलीप सिंह व भंवर लाल गुर्जर, राजेन्द्र पहाड़िया, आमा पूर्व सरपंच रामेश्वर लाल जाट, बड़लियास उप सरपंच सत्यनारायण सोनी, पप्पू वैष्णव, गोपाल पोरवाल, मदन कुमार सहित कई ग्रामीण व महिलाएं भी मौजूद रही।
0 टिप्पणियाँ