सरपंच संघ 8 अप्रैल की ग्राम सभा का करेगा बहिष्कार



चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरपंच संघ मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री रमेश मीणा के नाम ज्ञापन देकर आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा सहयोगिनी के चयन की प्रक्रिया पूर्व की भांति ग्राम सभा, ग्राम पंचायत में संपादित किए जाने की मांग की है।
सरपंच संघ उदयपुर संभाग अध्यक्ष रणजीत सिंह भाटी और जिलाध्यक्ष गणेश लाल साहू की अध्यक्षता में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी को सौंपे ज्ञापन में सरपंच संघ ने बताया कि पूर्व में सरपंच संघ द्वारा आन्दोन किया गया था जिसमें 13 सूत्री मांगों के निराकरण को लेकर राज्य सरकार के साथ सहमति बनी थी जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनी आदि का चयन ग्राम सभा में अनुमोदन कर भिजवाए जाने पर भी सहमति बनी थी। इसके विपरित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 अप्रेल को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन कर ग्राम सभा में अनुमोदन के लिए भेजा जा रहा है जो संघ द्वारा पूर्व में की गई दसवीं मांग के विपरीत है जिसमें सरकार के साथ सहमति भी बन गई थी। इसके विरोध में सरपंच संघ द्वारा 8 अप्रेल को होने वाली ग्राम सभाओं का बहिष्कार किया जाएगा।
इस अवसर पर शम्भूपुरा सरपंच अजय चैधरी, गोपाल सिंह घोसुण्डी, किशन शर्मा सेमलिया, श्यामलाल शर्मा बिजयपुर, मुकेश गुर्जर ओछड़ी, गोवर्धन सालवी रोलाहेड़ा, गोपाललाल मालू बोहेड़ा सहित कई सरपंच उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ