योग महोत्सव को प्रचार-प्रसार सामग्री का किया लोकार्पण


चित्तौड़गढ़, (सलमान)। आजादी के अमृत महोत्सव पर पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक धरा चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आयोजित होने वाले योग महोत्सव को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
मीडिया प्रभारी दुर्गाशंकर प्रजापत ने बताया कि शनिवार को सेतुमार्ग स्थित गणगौर गार्डन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में भारत स्वाभिमान न्यास राजस्थान पश्चिम राज्य प्रभारी विनोद पारीक ने जानकारी दी जिसमें आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे अमृत महोत्सव के दौरान आने वाले विश्व योग दिवस पर भारत के 75 स्थलों पर भव्य कार्यक्रम किये जाने की केन्द्र सरकार एवं पतंजलि योग पीठ हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में योजना को मूर्तरूप दिया गया।

जिस प्रकार चित्तौड़गढ़ के वीर, पराक्रमी यौद्धाओं ने इसे ऐतिहासक बनाया। यहाँ के स्वाभिमानी, देशभक्त, स्वामीभक्त यौद्धाओं, वीर क्षत्राणियों के जौहर विश्व प्रसिद्ध है। इस कारण से ही इस स्थल का चयन किया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा 75 ऐतिहासिक जगहों पर योग महोत्सव करवाने हेतु पतंजलि योग पीठ, हरिद्वार को अधिकृत किया गया है।
पतंजलि योग पीठ हरिद्वार के मुख्य केन्द्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थदेव द्वारा कार्यक्रम को लेकर स्थल की जानकारी ली गई एवं चित्तौड़गढ़ आकर दुर्ग पर विजय स्तम्भ के पास स्थित जौहर स्थल का चयन कर मुख्यालय में सूचना दी एवं निर्धारित प्रक्रिया से पुरातत्व विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त की।
महिला पतंजलि योग समिति राज्य प्रभारी विजयालक्ष्मी ने बताया कि कार्यक्रम के तय होने के पश्चात् आयोजन को भव्य बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर बैठकों का आयोजन एवं घर-घर जाकर पीले चावल देकर प्रचार किया जा रहा है। विद्यालयी सम्पर्क, आमजन से अपील कर पोस्टर एवं प्रचार सामग्री का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भोजन, आवास, वाहन व्यवस्था, मेटिंग, साउण्ड की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर में जगह जगह होर्डिंग एवं बोर्ड की व्यवस्था की गई जिससे सम्पूर्ण चित्तौड़गढ़ शहर योग मय बन गया।
प्रेस वार्ता में राज्य कार्यकारिणी सदस्य विक्रम आंजना द्वारा जानकारी कि कार्यक्रम में लगभग तीन-चार हजार की संख्या का लक्ष्य रखा गया है। पतंजलि योग पीठ हरिद्वार से आई सामग्री टी-शर्ट, बेज, उपरना, झण्डे आदि का लोकार्पण किया गया जिनका वितरण प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं सहयोगकर्ता में किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में महिला पतंजलि सोशल मीडिया राज्य प्रभारी सुनीता गुर्जर, भारत स्वाभिमान के चित्तौड़गढ़ जिला प्रभारी डाॅ. एम.एल. धाकड़, महिला पतंजलि योग समिति की राज्य सहप्रभारी श्रीमती तारा एवं महिला पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी श्रीमती सरस्वती शर्मा, राजस्थान पश्चिम यज्ञ राज्य प्रभारी पार्थ दामा, पतंजलि योग समिति चित्तौड़गढ़ जिला सहप्रभारी अनिल कुमावत, भीलवाड़ा जिला प्रभारी भीमाराम, भारत स्वाभिमान चित्तौड़गढ़ जिला सहप्रभारी कृष्ण कुमार काबरा आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ