दीपावली पर चित्तौड़ शहर में यातायात आवागमन में किया बदलाव

चित्तौड़गढ़। सोमवार को मनाए जाने वाले दीपावली पर्व के अवसर पर यातायात शाखा ने शहर में वाहनों के आवागमन व पार्किंग में बदलाव किया है।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि सोमवार को दीपावली पर्व के अवसर पर शहर में भारी मात्रा में लोगो की आवाजाही रहने व दीपावली मिलन किये जाने के दौरान यातायात की वजह से कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए शहर में आने जाने वाले वाहनों के मार्ग व पार्किंग में परिवर्तन किया गया है।
यातायात शाखा के एसआई सुरेशचंद्र के अनुसार अप्सरा चौराहा से गोल प्याऊ की तरफ जाने वाले सभी दोपहिया व चौपहिया वाहन हीरा वाटिका होते हुए पावटा चौक वाले दरवाजे से गोरा बदल स्टेडियम में प्रवेश कर वाहन पार्किंग करेंगे। सुभाष चौक व गोल प्याऊ की तरफ चौपहिया वाहनो की आवाजाही पूर्णतः प्रतिषेध रहेगी। समस्त प्रकार के वाहनों की पार्किंग गोरा बादल स्टेडियम के उत्तरी गेट से प्रवेश कर अंदर की तरफ ही रहेगी। कोटा, बेगूं व बस्सी की तरफ से शहर में आने वाले भारी वाहन सेमलपुरा से शहर की तरफ नहीं आकर सीधे चित्तौड़ीखेड़ा या ओछड़ी पुलिया से शहर में आएंगे। इसी प्रकार शहर से बस्सी, बेगूं व कोटा की तरफ जाने वाले वाहन ओछड़ी पुलिया या चित्तौड़ी खेड़ा होते हुए फोरलेन पर जाएंगे।
 ट्रैफिक डीएसपी लाभूराम विश्नोई ने बताया कि उक्त यातायात व्यवस्था दीपावली के दौरान सोमवार को पूरे दिन रहेगी। उन्होंने शहर की जनता से उक्त परिवर्तन में यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ