श्री कल्लाजी वेदपीठ पर भव्य अन्नकूट एवं छप्पनभोग महोत्सव 4 को

निंबाहेड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर कार्तिक शुक्ला एकादशी यानि देवोत्थापन एकादशी के पावन अवसर पर चार नवंबर को भव्य अन्नकूट एवं छप्पनभोग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई है। इसी दिन वेदपीठ के ध्यान केन्द्र में षोडश महालक्ष्मी स्वरूपों की साक्षी में किए जा रहे विष्णु एवं महालक्ष्मी सहस्त्रनाम के इक्कावन हजार पाठ की पूर्णता के साथ ही यज्ञ भी आयोजित किया जाएगा। वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि ठाकुर जी की संध्या महाआरती के पश्चात सायं 7.30 बजे से छप्पनभोग की झांकी के दर्शन के साथ ही अन्नकूट की महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी के पावन अवसर पर कल्याण लोक स्थित कल्याण गौशाला में भगवान श्री कृष्ण की बाल्यावस्था में प्रथम बार गौचारण के उपलक्ष्य में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्रद्धालु नर-नारियों द्वारा यहां विराजित गोपालजी की विधिवत पूजा अर्चना के साथ गायों को हरा चारा एवं लापसी का भोग लगाकर गोपाल यज्ञ में आहूतियां देते हुए समस्त गौवंश की रक्षा एवं सर्वत्र सुख समृद्धि की कामना की गई। इसी प्रकार आवला नवमी के उपलक्ष्य में कल्याण लोक परिसर में स्थापित आवले के वृक्ष की पूजा करते हुए महिलाओं ने भगवान विष्णु से सर्वत्र निरोगी होने एवं खुशहाली की कामना की। इन दिनों ठाकुरजी का नित्य नया एवं मनभावन श्रृंगार कल्याण भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ