दीपावली मिलन समारोह में बोले विधायक आक्या- कांग्रेस सरकार में भाजपा कार्यकर्ताओं को किया जा रहा परेशान


चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी घोसुण्डा मण्डल का दीपावली मिलन समरोह घोसुण्डा स्थित सोनीयों के भैरू जी के देवरे पर आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने की। भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक ने कार्यकर्ताओं को दीपावली की बधाई देते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान सरकार से किसानों की कर्जा माफी नहीं हो पाई, युवाओं को बेराजगारी भत्ता नहीं मिला। सरकार ने अपने चार सालों में विकास कार्य तो नहीं किये परन्तु बार-बार बिजली की दरे बढ़ा कर जनता को परेशान अवश्य किया है। कांग्रेस सरकार द्वारा भाजपा के कार्यकर्ता को परेशान कर द्वैष भावना रखकर कार्य किया जा रहा है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार अपने स्वार्थ के लिए केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अपना बताकर जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रही है।

विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने उत्साह के साथ घोसुण्डा मण्डल के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आये ग्रामवासियों को दीपावली की बधाई एवं शुभकामना दी। विधायक आक्या कहा कि राजस्थान सरकार जनता के विश्वास पर खरी नहीं उतरी है, पूर्व में डीएमएफटी फण्ड से जो विकास कार्य स्वीकृत करवाये गये थे, उन पर रोक लगा दी। जनता कांग्रेस की रीति-नीतियों से त्रस्त हो चुकी है इसलिए राजस्थान की जनता अब वापिस राजस्थान में भाजपा को भारी मतों से समर्थन देकर कमल खिलाने का संकल्प ले चुकी है साथ ही कार्यकर्ता भाजपा की मजबूती के लिए कमर कस कर तैयार है। कांग्रेस की रीति-नीतियों एवं आपसी कलह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मौह भंग हो गया है जिससे कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी कांग्रेस छोडकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके है। विधायक आक्या ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा हिन्दू मन्दिरों की जमीनों पर कब्जा कर खुर्द बुर्द कर दी है। पूर्व कार्यकाल में भाजपा सरकार द्वारा चिकित्सा के क्षेत्र में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर खोले गये। शिक्षा के क्षेत्र में कई विद्यालयों को क्रमोन्नत करने के साथ ही विद्यालय भवन, शौचालय व कक्षा-कक्षों का निर्माण एवं जीर्णशीर्ण विद्यालय भवनों का जीर्णोद्धार करवाया गया।  
उक्त कार्यक्रम के दौरान सीकेएसबी चेयरमैन लक्ष्मण सिंह खोर ने सहकारी समितियों के नवीन अध्यक्ष, उपाध्यक्षों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि पूर्व की लोन व्यवस्था को कम कर सरकार द्वारा किसान कल्याण लोन को आधा कर दिया। इसके पश्चात पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्री लाल जाट ने राजस्थान सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार करने, बेरोजगारी भत्ता नहीं देने, रीट परीक्षा के घोटाले एवं किसानों के फसल खराबे का मुआवजा नहीं मिलने पर रोष जताया।
उक्त कार्यक्रम में प्रधान देवेन्द्र कंवर, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, घोसुण्डा मण्डल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मण्डल प्रभारी अशोक रायका, मंडल महामंत्री लाल चन्द्र गुर्जर, शिवराज सिंह बैजनाथिया, पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश जटिया, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश आमेरिया, किसान मोर्चा जिला महामंत्री कैलाश जाट, सरपंच व सरपंच प्रतिनिधि एवं नव निर्वाचित सहकारी समिति अध्यक्षों के साथ ही मण्डल पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ