चित्तौड़गढ़। भारत स्काउट व गाइड स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा जारी स्टीकर का अरविन्द कुमार पोसवाल जिला कलक्टर चित्तौड़गढ़ ने विमोचन कर जिले के समस्त कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर सदस्यों एवं पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनायें दी। जिले के प्रत्येक विद्यालय में स्काउट गाइड गतिविधि का सक्रिय संचालन करने के निर्देश प्रदान किये। इस अवसर पर राजेन्द्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रा.शि. चित्तौड़गढ़ एवं शम्भू लाल सोमानी अति. मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चित्तौड़गढ़ ने जिला कलक्टर चित्तौड़गढ़ को संगठन का स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया।
चन्द्र शंकर श्रीवास्तव सी ओ स्काउट चित्तौड़गढ़ ने बताया कि स्काउटिंग के जनक लार्ड बेडेन पॉवेल द्वारा 29 जूलाई से 09 अगस्त 1907 तक ब्राउन-सी द्वीप लंदन में 20 बालकों के साथ प्रथम प्रयोगात्मक शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के अनुभवों व कैम्प फायर की कहानियों को 1 मई 1908 को स्काउटिंग फॉर बॉयज पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया गया। इसके बाद स्काउट आन्दोलन विश्व के कौने - कौने में फैलने लगा। भारत में सन् 1909 में कैप्टन बेकर ने अंग्रेज बच्चों के लिये बैंगलोर में स्काउट दल खोला । इसमें केवल अंग्रेज व एंग्लोइण्डियन बच्चे ही भाग ले सकते थे। सन् 1915-16 में श्रीमती एनीबेसेन्ट एवं डॉ अरूणडेल के प्रयासों से मद्रास में इंडियन बॉयज स्काउट एसोसिएशन की स्थापना हुई। सन् 1918 में पं. मदन मोहन मालवीय के सुझाव व सहयोग से पंडित श्रीराम वाजपेयी व डॉ. हृदय नाथ कुंजरू ने प्रयाग(इलाहबाद) में सेवा समिति ब्वाय स्काउट एसोसिएशन की स्थापना की।
भारत में कई स्काउट व गाइड संगठन अलग-अलग काम करते रहे। आजादी के बाद 7 नवम्बर 1950 को हिन्दुस्तान स्काउट एसोसिएशन और ब्वॉय स्काउट एसोसिएशन मिलकर एक हो गये। इस नए संगठन का नाम भारत स्काउट्स एवं गाइड्स रखा गया। गर्ल गाइड एसोसिएशन इण्डिया अब भी अलग ही काम कर रही थी । 15 अगस्त 1951 को यह संस्था भी भारत स्काउट्स एवं गाइड्स में ही मिल गई। भारत में अब केवल यही संस्था केन्द्रीय व राज्य सरकारों द्वारा मान्य है। भारत का स्काउट विभाग अन्तर्राष्ट्रीय स्काउट संघ जेनेवा (स्विटजरलैण्ड) व गाइड विभाग विश्व गर्ल गाइड तथा गर्ल्स स्काउट संघ लन्दन से सम्बद्ध है। अमेरिका में गाइड को गर्ल स्काउट कहते हैं । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का राष्ट्रीय मुख्यालय 16, महात्मा गांधी मार्ग, इन्द्रप्रस्थ इस्टेट नई दिल्ली में स्थित है। प्रत्येक राज्य की राजधानियों में स्काउट-गाइड के राज्य मुख्यालय बनाये गये हैं। भारत स्काउट गाइड स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा समस्त राज्यों के माध्यम से स्टीकर बिक्री अभियान चलाकर सहयोग राशि प्राप्त की जाती है, जिसका उपयोग विभिन्न आपदाओं, राष्ट्रीय स्तरीय गतिविधियों में किया जाता है।
इस अवसर पर अति. जिला कलक्टर गीतेश श्री मालवीय, अति. पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ अर्जुन सिंह शेखावत एवं अति. मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित ने भी स्काउट गाइड स्टीकर का विमोचन कर सभी को शुभकामनाऐ दी। स्टीकर विमोचन के दौरान सचिव देवकी नन्दन वैष्णव, स्काउटर पंकज दशोरा, गाइडर श्रीमती शाीला दशोरा, आशा वीरवाल, सुनीता अग्रवाल, रोवर युवराज तम्बोली, रेंजर रानी तम्बोली व राजरानी राठौड़ उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ