चित्तौड़गढ़। गत मंगलवार को सांसद सीपी जोशी द्वारा प्रतापगढ़ के नारकोटिक्स कार्यालय में एक ठेकाकर्मी को लगाए गए चांटे की गूंज थमने का नाम नहीं ले रही है और थप्पड़ कांड को लेकर सांसद सीपी जोशी की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है।
चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ जिले के एससी/एसटी वर्ग के लोग आंदोलन की रणनीति बना रहे है। वहीं प्रतापगढ़ में कांग्रेस ने भी सांसद के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है। इस मामले में प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा मुखर होते दिखाई दे रहे है। उन्होनें इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि नारकोटिक्स ब्यूरो प्रतापगढ़ में व्याप्त भ्रष्टाचार में पर्दा डालने के लिए सांसद सीपी जोशी ने अनुसूचित जाति के एक छोटे ठेकाकर्मी को मोहरा बनाया। जिससे अनुसूचित जाति / जनजाति वर्ग में उनके खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने नारकोटिक्स विभाग की शिकायतों पर कहा कि किसानों से नामान्तरण और लाईसेंस जारी करने के एवज में विभाग में 50 हजार से 80 हजार रूपये तक की घूस लेने की शिकायतें मिलती रही है और इसमें केवल ठेकाकर्मी शामिल हो ऐसा संभव नहीं है। उन्होनें सांसद सीपी जोशी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि घूस लेने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होने से जनमानस के मन में संदेह होने लगा है कि भ्रष्टाचार के इस खेल में सांसद सीपी जोशी सम्मिलित तो नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति पर पर्दा डालने के लिए ही सांसद सीपी जोशी नारकोटिक्स कार्यालय पहुंचे और मोटी रकम वसूलने वाले उन अधिकारियों से स्नेहिल व्यवहार रखकर एक छोटे कर्मचारी को थप्पड़ मारकर पाक साफ होने की कोशिश की है।
सांसद जोशी ने क्यों नहीं पूछा कि किसके लिए ले रहा था रूपये..?
प्रतापगढ़ के विधायक रामलाल मीणा और जिला प्रमुख इंदिरा मीणा के लेटर हेड
से जारी विज्ञप्ति में विधायक मीणा ने बताया कि एक अदने से ठेकाकर्मी को थप्पड़ जड़कर सांसद ने अधिकारियों को क्लीन चिट दे दी वहीं उससे यह नहीं पूछा कि किसानों से पैसे वसूल कर किन-किन अधिकारियों और दूसरे लोगों को पहुंचाये है। उन्होनें आरोप लगाया कि एक एससी वर्ग के कार्मिक को सार्वजनिक तौर पर चांटा मारकर उन्होनें पूरे एससी वर्ग का अपमान किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र में कहा कि जहां संविधान में एससी वर्ग को शोषण से बचाने के लिए विशेष प्रावधान और सुरक्षा की व्यवस्था की है वहीं संवैधानिक पद पर बैठे सांसद सीपी जोशी ने अनुसूचित जाति वर्ग के कार्मिक को उच्चाधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों के सामने नगर परिषद के सभापति प्रहलाद गुर्जर से बुलवाकर सबके सामने थप्पड़ मारकर न सिर्फ एससी वर्ग का अपमान किया है बल्कि संविधान का भी उल्लंघन किया है और नारकोटिक्स विभाग में फैल रहे भ्रष्टाचार में सम्मिलित अधिकारियों पर पर्दा डालने की कोशिश की है। उन्होनें चेतावनी दी कि सांसद और भ्रष्ट अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही नहीं होने पर 20 नवम्बर से आंदोलन और आक्रोश रैली निकाली जायेगी।
भाजपा ने सांसद का किया बचाव
सांसद थप्पड़ कांड के बाद प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा सहित अनुसूचित
जाति वर्ग में उपजे आक्रोश के बीच प्रतापगढ़ भाजपा ने सांसद जोशी का बचाव किया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत ने एक विज्ञप्ति जारी कर प्रतापगढ़ में फैल रहे भ्रष्टाचार के लिए विधायक मीणा को ही जिम्मेदार ठहराया और कहा कि सांसद जोशी किसी भी जांच के लिए तैयार है। ऐसे में विधायक मीणा को नारको टेस्ट होना चाहिए ताकि दूध को दूध और पानी का पानी हो जाये।
लामबंद हो रहे एससी/एसटी संगठन
सांसद सीपी जोशी द्वारा अनुसूचित जाति के एक ठेकाकर्मी को सार्वजनिक तौर पर
चांटा मारने के मामले में एससी/एसटी वर्ग में आक्रोश फैल रहा है। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में अंदर खाने अनुसूचित जाति / जनजाति के संगठन लामबंद हो रहे है और एक-दूसरे से चर्चा कर अगले कदम की तैयारी में लगे है। कुछ एससी/एसटी के नेताओं से हुई बातचीत में सामने आया है कि भ्रष्टाचार का पता लगाने के लिए एक गरीब एससी वर्ग के कार्मिक को टारगेट बनाया और कानून हाथ में लेते हुए थप्पड़ मारकर सार्वजनिक अपमानित किया है। जबकि उन्हें ऐसा कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने बताया कि पीड़ित फकीरचंद उनके सम्पर्क में है और बातचीत के बाद जरूरत पड़ने पर एससी/एसटी एक्ट की धारा 3 में मुकदमा दर्ज कराया जायेगा और आंदोलन किया जाएगा।
--------
थप्पड़ कांड से जुड़ा वीडियो देखें
● सांसद थप्पड़ कांड मामले में अफीम किसान संघर्ष समिति मध्य प्रदेश राजस्थान के संरक्षक मांगीलाल मेघवाल बिलोट ने क्या कहा कि भ्रष्टाचार का वीडियो सामने आने के बाद जांच के विषय को अप्रत्यक्ष रूप से दबाया गया हैं। जबकि सांसद को इस मामले में अफम अधिकारियों व मुखिया की जांच करवानी चाहिए थी। इस मामले में अफीम किसानों से रुपए किसके कहने पर लिए जा रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ