पार्सल ले जा रहे ट्रेलर से 20 कट्टे गायब, भदेसर थाना में दर्ज हुआ मामला

चित्तौड़गढ़। कानपुर से अहमदाबाद जा रहे एक वोल्वो ट्रेलर से डेढ़ लाख रुपए कीमती 20 पार्सल के कट्टे गायब हो जाने का मामला भदेसर थाना में इस्तगासे के जरिए दर्ज हुआ हैं। 
जानकारी के अनुसार कानपुर से अहमदाबाद जा रहे एक वॉल्वो ट्रेलर में ऑनलाइन शॉपिंग का सामान लोडिंग कर रखा था। मामला 12 जनवरी का है लेकिन पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं लेने पर कोर्ट में इस्तगासा पेश किया गया जिस पर भदेसर थाना में मामला दर्ज हुआ हैं। ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक के संबंध में नूतन राजुमणी ट्रांसपोर्ट कंपनी के दिल्ली से मैनेजर के नाम से भदेसर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि नूतन राजुमणी ट्रांसपोर्ट कंपनी के वेंडर और मेनेजर दिल्ली निवासी बिजेंदर कुमार (46) पुत्र सिद्धेश्वर सिंह ने एक रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि एक वोल्वो ट्रेलर मय ट्रॉली 11 जनवरी को डिलेवरी पार्सल कम्पनी के लॉजिस्टिक कानपुर से लौटकर अहमदाबाद के लिए दिन में रवाना हुई थी। इसमें लोगों के ऑनलाइन शॉपिंग के पार्सल के कई कट्टे रखे हुए थे। ट्रेलर सीधे भदेसर चौराहे पर 12 जनवरी शाम को रुकी। 
ट्रेलर का ड्राइवर विपिन कुमार विश्वकर्मा और कंडक्टर रामविलास चौधरी भदेसर चौराहे पर चाय पीने के लिए रुके। चाय पीने के बाद जंगल की तरफ फ्रेश होने गए थे। वापस आकर देखा तो ट्रॉली के जीपीएस सिस्टम किसी ने डैमेज कर दिए थे और सारे लॉक टूटे होकर गेट खुला था। ट्रॉली के अंदर जब देखा तो कुछ पार्सल के कट्टे चोरी हो चुके थे। इस बात पर ड्राइवर ने तुरंत बिजेंद्र कुमार को इस बात की सूचना दी।
एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि वोल्वो ट्रेलर से चोरी हुए सामान की जब ऑनलाइन सिस्टम से चेकिंग की गई तो पता चला एक लाख 56 हजार 581 रुपए का 20 पार्सल के कट्टे गायब हो चुके थे। दिल्ली से मैनेजर बिजेंद्र तुरंत भदेसर पहुंचे और थाने में जाकर रिपोर्ट लिखाने की बात कही लेकिन भदेसर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद मैनेजर बिजेंद्र ने गाड़ी को अहमदाबाद के लिए आगे रवाना कर दिया। उन्होंने 16 जनवरी को जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र दुष्यंत को डाक के जरिए लेटर भेजा था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर प्रार्थी ने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर लिया। 
पुलिस ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। लॉक कहां टूटे इस बारे में ड्राइवर और कंडक्टर को भी पुख्ता जानकारी नहीं है। लॉक टूटा हुआ उन्होंने भदेसर में आने के बाद देखा है। ऐसे में यह कहना मुश्किल होगा की चोरी कहां हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ