सोनियाणा के पास मिली लाश की शिनाख्त, पीट पीट कर युवक को उतारा मौत के घाट

चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना क्षेत्र के सोनियाणा फाटक के पास सड़क किनारे शनिवार को मिली अज्ञात युवक की शिनाख्त हो गई हैं। युवक चित्तौड़गढ़ शहर निवासी हैं। पुलिस उपाधीक्षक बुधराज टाक, गंगरार सीआई शिवलाल मीणा के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग हॉस्पिटल पहुंचे। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या में करीब आधा दर्जन लोगों के शामिल होने की आशंका जताई गई। इस मामले में पुलिस को आरोपियों के ठोस सुराग हाथ लगने की भी बात सामने आई है। पुलिस उपाधीक्षक टांक के अनुसार देर रात मृतक की शिनाख्त देहली गेट चित्तौड़गढ़ निवासी 35 वर्षीय विनोद पुत्र बाबूलाल सालवी के रूप में की गई। वह 24 फरवरी को अपने घर से निकला था उसके बाद उससे परिजनों का कोई संपर्क नहीं हो पाया। परिजन भी तलाश कर रहे थे। देर रात आशंका के तौर पर परिजनों को मुर्दाघर बुलाया गया जहां उसकी शिनाख्त विनोद के रूप में की गई। सूचना पर बड़ी संख्या में सालवी समाज के लोग आज सुबह मोर्चरी पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। प्रथम दृष्टया पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतारने की बात सामने आई है। इस पूरी घटना में 5 से 6 लोगों के शामिल होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है। ज्ञात हो कि शनिवार सुबह गंगरार थाना क्षेत्र के सोनियाणा पुलिया के पास बिंदोलिया गांव जाने वाले रोड पर राहगीरों द्वारा अज्ञात युवक की लाश पड़े होने की पुलिस को सूचना दी गई थी। उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए। चोटों को देखते हुए पुलिस ने हत्या का अंदेशा जताते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया और सुराग जुटाए। इसके साथ ही अलग-अलग टीमें गठित कर पुलिस मृतक की शिनाख्त करवाने के प्रयासों में जुटी थी। देर रात मृतक की शिनाख्त हो गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ