उदयपुर में बजरंग दल कार्यकर्ता की गोलीमार कर हत्या


उदयपुर। बजरंग दल के कार्यकर्ता को बदमाशों ने शॉप के बाहर बुलाकर सिर में गोली मार दी। शॉप से लोग बाहर आए तो युवक सड़क पर पड़ा था। लोग उसे नजदीक के हॉस्पिटल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना उदयपुर के अंबामाता इलाके में सोमवार रात 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार 38 साल का राजू उर्फ राजेन्द्र परमार बजरंग दल में जिला संयोजक रह चुका है। वह प्रॉपर्टी व्यवसायी था। जिसके कारण कई लोगों से विवाद चल रहा था। सूचना पर बड़ी तादाद में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। एएसपी चंद्रशील ठाकुर समेत कई पुलिस अधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंचे।
गोली मारने वाले बदमाश कौन थे और हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में दो युवक पैदल भागते नजर आ रहे थे। आशंका है कि इन युवकों ने ही राजू के गोली मारी है।
बताया जा रहा है कि गोली मारने वाले बदमाश पैदल ही परमार के पास आए थे। दोनों ने नजदीक से सिर में दो गोली मारी। पास में ही बिंदौली निकलने से लोग गोली की आवाज नही सुन सके। थोड़ी देर बाद उधर से गुजर रहे लोगों को परमार सड़क पर अचेत मिला।
राजू की गोवंश बचाने के साथ ही हिंदू संगठन के प्रमुख पदाधिकारी के रूप में उसकी पहचान थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ