नई दिल्ली। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा को आईजीआई एयरपोर्ट पर विमान से उतार लिया गया। काफी देर तक हंगामे के बाद असम पुलिस ने पवन खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया हैं। असम पुलिस कोर्ट में पेश कर खेड़ा की ट्रांजिट रिमांड लेगी। इस बीच, कांग्रेस ने खेड़ा की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी है। शीर्ष अदालत इस मामले में 3 बजे सुनवाई करेगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी हिरासत असम पुलिस को सौंप दी जाएगी। दिल्ली हवाई अड्डे पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि असम में कोई मामला दर्ज हुआ है और दिल्ली पुलिस खेड़ा को रनवे से अपने साथ ले गई। कांग्रेस ने पहले दावा किया था कि असम पुलिस ने खेड़ा को हिरासत में लिया है। इस बीच, इंडिगो के अधिकारियों ने कहा कि सभी यात्रियों को दूसरे विमान से रायपुर ले जाया जाएगा। कांग्रेस ने खेड़ा को विमान से उतारे जाने को तानाशाही करार दिया है।
रायपुर के कांग्रेस अधिवेशन में जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को असम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक दिन पहले ही असम पुलिस ने कम्युनल डिस्टर्बेंस और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर दीमापुर में केस दर्ज किया था। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इस पर दोपहर 3 बजे से सुनवाई करेगी।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, 'पवन खेड़ा पर ये कार्रवाई किस धारा के तहत कार्रवाई की है। वे आम नागरिक की तरह क्यों उड़ान नहीं भर सकते। भाजपा हमारे अधिवेशन से बौखला गई है। पहले ईडी भेजते हैं और अब यह। अगर कुछ गलत किया है तो लुकाछिपी क्यों कर रहे हैं, कार्रवाई कीजिए। वजह सिर्फ यह है कि तानाशाह बौखलाया हुआ है। जब तक पवन खेड़ा नहीं आते, हम फ्लाइट को उड़ान नहीं भरने देंगे।'
यह हैं मामला
20 फरवरी को पवन खेड़ा दिल्ली में पत्रकारों से बात कर रहे थे। हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर उन्होंने कहा था, 'जब अटल बिहारी बाजपेयी जेपीसी बना सकते हैं तो नरेंद्र गौतमदास मोदी को क्या समस्या है।' अपने बयान में उन्होंने नरेंद्र दामोदरदास मोदी को गौतमदास मोदी कहा था।
इसके बाद उन्होंने आसपास खड़े लोगों से पूछा गौतम दास है या दामोदरदास। इसके बाद उन्होंने कहा कि नाम भले ही दामोदर दास है। उनका काम गौतमदास का है। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी थी प्रधानमंत्री के नाम को लेकर उन्हें कन्फ्यूजन था।
0 टिप्पणियाँ