विद्यालय स्थानांतरित करने पर हाई कोर्ट की रोक

कपासन, (अंकित वैष्णव)। राजस्थान सरकार ने इस शैक्षणिक सत्र से राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय कपासन को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में परिवर्तित कर दिया। सत्र के मध्य में इस विद्यालय भवन से अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित इस विद्यालय को घीसू लाल कोठारी राजकीय माध्यमिक विद्यालय कचहरी कपासन में स्थानांतरित कर दिया।
उक्त विद्यालय को सत्र के मध्य कचहरी भवन में स्थानांतरित करने के आदेश के विरुद्ध राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर ने एक रिट याचिका की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से 6 फरवरी 2023 को सुनवाई करते हुए स्थांतरण के आदेश पर रोक लगा दी।
अंग्रेजी माध्यम में अध्ययनरत एक विद्यार्थी के अभिभावक कपासन निवासी मधुसूदन कुमावत ने अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय को राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय कपासन के भवन से कचहरी के भवन में स्थानांतरित करने के राज्य सरकार के आदेश के विरुद्ध उच्च न्यायालय जोधपुर में अधिवक्ता अनिल व्यास के माध्यम से रिट याचिका पेश की। 
उच्च न्यायालय जोधपुर के न्यायाधीश पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने 6 फरवरी 2023 को आदेश पारित करते हुए विद्यालय परिवर्तन के आदेश पर रोक लगा दी है।
रिट याचिका के अनुसार राजस्थान सरकार ने बीच सत्र के मध्य में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय को कचहरी भवन में स्थानांतरित किया था। जबकि उक्त भवन जर्जर अवस्था में है एवं संपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ