राज्य सरकार युवाओं के सपने साकार करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध-सीएम गहलोत


जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपने साकार करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। आज देश में महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और छात्रों को केन्द्र में रखकर नीतियां बना रही है। राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा देने तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। राज्य में 100 से भी अधिक जॉब फेयर आयोजित करने का कार्य राज्य सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित हो रहे जॉब फेयर में युवा पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं तथा उन्हें नौकरियां मिल रही हैं।
गहलोत गुरूवार को भरतपुर में मेगा जॉब फेयर के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद किया एवं रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को ऑफर लैटर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के सपने साकार करने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। शिक्षा, रोजगार और युवा केंद्रित नीतियों से उन्हें संबल प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में आत्मविश्वास और साक्षात्कार दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऐसे जॉब फेयर अब हर जिले में आयोजित कराए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना के लाभार्थियों को चैक प्रदान किए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ