बाहुबली अतीक अहमद का बेटा असद एनकाउंटर में मारा गया, शूटर गुलाम की भी मौत



नई दिल्‍ली। यूपी पुलिस की एसटीएफ ने झांसी में माफिया अतीक अहमद के बेटे असद (Asad) का एनकाउंटर (Encounter) कर दिया। असद उमेश पाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार था। आरोप है कि उमेश पाल हत्याकांड में असद खुद शामिल था। पुलिस के मुताबिक एकाउंटर में उमेश हत्याकांड में शामिल गुलाम (Ghulam) भी मारा गया।
असद और गुलाम दोनों पांच-पांच लाख रुपये के ईनामी थे। उमेश पाल की मां शांति देवी और पत्‍नी जया पाल ने असद अहमद के एनकाउंट में मारे जाने पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और प्रशासन का शुक्रिया अदा किया है। असद और गुलाम पारीछा बांध के पास छिपे थे। बांध के पास ही दोनों का एनकाउंटर हुआ है।
बताया जा रहा है कि असद और गुलाम का एनकाउंटर आज करीब 12 बजे हुआ है। एनकाउंटर यूपी के झांसी के बड़का गांव के पारीछा बांध जो झांसी से 7 किलोमीटर पड़ता है, वहां हुआ। 12 लोग इस मुठभेड़ में शामिल थे, जिसमें 2 डिप्‍टी एसपी और 2 इंस्‍पेक्‍टर भी शामिल हुए। 2 विदेशी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद की हैं। इस मुठभेड़ के 40 राउंड फायर हुए।
बताया जा रहा है कि असद, झांसी से मध्यप्रदेश भागने की फ़िराक़ में था। असद हत्याकांड को अंजाम देने के बाद लखनऊ गया। लखनऊ से कानपुर फिर वहां से लगभग एक हफ़्ते मेरठ रहा। मेरठ से वो दिल्ली के संगम विहार गया। वहां से फिर यूपी गया और झांसी शहर से मोटरसाइकिल से मध्यप्रदेश जा रहा था। यूपी एसटीएफ रात से ही झांसी के कई इलाकों में छापेमारी कर रहे थे। अतीक के गैंग के एक सदस्य ने पुलिस को मुखबरी की थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ