भादसोड़ा, (माय सर्कल न्यूज़ @ नरेंद्र सेठिया)। भादसोडा़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर स्थित राती मंगरी के पास देर रात ट्रैक्टर ट्रॉली पलट कर खाई में जा गिरने से दो महिलाओं सहित तीन की मौत हो गई। हादसे में करीब दो दर्जन लोग जख्मी हो गए जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल है
🔴 इस खबर का विडियो देखें
भादसोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को भादसोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यह लोग बांसी बोहेड़ा से बच्चे का मुंडन कार्यक्रम लेकर मंडफिया के पास घोड़ा खेड़ा बावजी जा रहे थे कि रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी रविंद्र सेन भी मौके पर पहुंचे। इस दुर्घटना में अधिकांश लोगों के हाथ पैर फैक्चर होने की बात सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार बंसी बोहेड़ा के पास भियाना गांव से दिनेश चंद्र गाडरी पुत्र रामलाल के पुत्र का मुंडन कार्यक्रम था।
यह कार्यक्रम मंडफिया के पास घोड़ा खेड़ा बावजी होना था। इसके लिए दिनेश गाडरी रिश्तेदारों के अलावा गांव से आस-पड़ोस के लोगों के साथ ट्रेक्टर ट्रोली से घोड़ा खेड़ा बावजी निकला था। बताया जाता है कि यह लोग सीधे ही घोड़ा खेड़ा बावजी के रास्ते पर निकले। रास्ते में राती मंगरी के पास अचानक ट्रैक्टर का गेर फस गया और ट्रैक्टर पलटी खाते हुए खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी रविंद्र सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी सेन के अनुसार लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकाला और एंबुलेंस के जरिए उन्हें भादसोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां 50 वर्षीय गंगा पत्नी हीरा लाल और हमेरा पत्नी भेरूलाल गाडरी तथा कालू लाल भोपाजी को को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में अन्य लोगों को उपचार दिया जा रहा है। इनमें से चार लोगों को चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया।
0 टिप्पणियाँ