मातृकुंडिया बांध के दो गेट 10-10 सेमी तक खोले, मेजा फिडर बांध के लिए भी छोड़ा पानी

राशमी। मातृकुंडिया बांध में पानी की आवक ज्यादा होने पर गुरूवार को उपखंड अधिकार नीता वसीटा,जल संसाधन विभाग भीलवाड़ा खंड द्वितीय के अधिशाषी अभियंता सीएल कोली, सहायक अभियंता ऋषिकेश गुर्जर ने गेटों का पूजन कर दो गेट 10-10 सेंटीमीटर खोले दिए। वही दुसरी ओर मेजा फिडर को 80 सेंटीमीटर खोला गया। गेट खोले जाने से पूर्व सायरन बजाया गया। इस अवसर पर तहसीलदार विजय कुमार रेगर, जल संसाधन विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुरेश बिजरणिया, धीरज बेनीवाल सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे। गेट खोलने के समय लोगों की मौके पर भीड़ लगी थी। मातृकुंडिया बांध साढ़े 22 फीट भराव क्षमता का है। इस समय साढ़े 22 फीट पानी आ चुका है। राज्य सरकार के नियमानुसार बांध से 213 एमसीएफटी हिन्दुस्तान जिंक, 170 एमसीएफटी रेलमगरा के लिए तथा 50 एमसीएफटी पानी बनास नदी में छोड़ा जाता है। कुल 433 एमसीएफटी बांध में रिजर्व रखा जाता है। उसके बाद शेष पानी मेजा फीडर में छोड़ा जाता है। मातृकुंडिया से मेजा बांध तक 58 किलामीटर की लम्बी मेजा फीडर है। मेजा फीडर में पानी छोड़ दिया गया है। बांध के गेट खोलने का नजारा देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्रित हुई। मातृकुंडिया डैम की खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद करने के लिए लोग काफी उत्सुक दिखे। मातृकुंडिया बांध के गेट खुलने पर लोगों की निगाहें टिकी रही। यह दृश्य देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर कोई बांध के इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया। बांध स्थल पर पुलिस तैनात रही। बांध देखने आया युवा वर्ग सेल्फी लेते दिखाई दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ