जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की


◆ समस्त प्रकोष्ठों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, चुनाव कार्य को गंभीरता से लेवें


चित्तौड़गढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बुधवार को जिला परिषद सभागार में पंचायत राज आम चुनाव-2026 एवं नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए समस्त प्रकोष्ठों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने प्रत्येक प्रकोष्ठ के कार्यों एवं अब तक की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता, निष्पक्षता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। चुनाव संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़ ने पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों, विभिन्न प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (रावतभाटा) राजलक्ष्मी गहलोत, अतिरिक्त  पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, राजस्व अपील अधिकारी सुरेश चंद्र खटीक, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, उपखंड अधिकारी अंशुल अमेरिया सहित समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी, अतिरिक्त प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ