चित्तौड़गढ़। गांधीनगर स्थित दिवाकर पब्लिक स्कूल में एक धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश ने कहा कि आजकल विद्यालयों में छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान की ओर ही आकृष्ट किया जाता है जबकि छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ चरित्र निर्माण एवं नैतिक संस्कारों की एवं रोजगार पूर्ण शिक्षा देना भी आवश्यक है ताकि आगे जाकर छात्र एक अच्छा नागरिक बन सके एवं राष्ट्र निर्माण में पूरा योगदान कर सके।मुनिश्री ने कहा कि बच्चों की प्रथम पाठशाला माँ की गोद होती है, बालक को अच्छे, बुरे का ज्ञान प्रथमतया माँ ही देती है, उसे विनयवान, अनुशासित एवं विवेकवान बनाने की प्रथम जिम्मेदारी माता, पिता की होती है। माता, पिता को घर परिवार में ऐसा आचरण व्यवहार करना चाहिये जिससे बच्चे पर उसका अच्छा एवं अनुकूल प्रभाव पड़े।
विद्यालयों में छात्रों को प्रार्थना सभा को दौरान महापुरुषों की गौरवगाथा सुनानी चाहिये, महापुरुषों की अच्छी घटनाओं को स्मरण कराना चाहिये। विद्यालयों में महापुरूषों के चित्र एवं उनके कोटेशन का उल्लेख करना चाहिये जिससे बच्चांे को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा मिल सके। विद्यालयों में किताबीय शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण की शिक्षा, पेड़, पानी एवं धरती के महत्व की भी जानकारी दी जानी चाहिये। मुनिश्री ने शाकाहार पर जोर देते हुए कहा कि शाकाहार जीवन में शांति एवं विवेक प्रदान करता है। जीवन को पुष्ट, तंदूरूस्त एवं सुन्दर बनाता है, मांसाहार व्यक्ति को क्रोधी एवं तामसी प्रवृत्ति वाला बनाता है जो जीवन के लिए घातक होता है।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डाॅ. आई.एम.सेठिया ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला एवं राष्ट्रसंत के प्रेरणादायी उद्बोधन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। धर्मसभा में विद्यालय के छात्र, छात्राएँ, अध्यापिकाएँ एवं गणमान्य श्रावक-श्राविकाएँ उपस्थित थे। धर्मसभा में उपस्थित मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष चन्द्रसिंह कोठारी, केसरिया जैन स्कूल के पूर्व अध्यक्ष रणजीत नाहर, बिड़ला सीमेन्ट वक्र्स के पूर्व वाईस चेयरमेन निरंजन नागौरी, महावीर जैन समिति गांधीनगर के अध्यक्ष मनसुख पटवारी, भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिनेश काबरा, श्रमण संघ अध्यक्ष हस्तीमल चोरड़िया, डीपीएस स्कूल प्रिंसीपल प्रियंका पुरोहित का संस्था की आरे से उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। सभा में मदन लाल भड़कत्या, गौतम भड़कत्या, गणपत डागलिया, प्रभुलाल भड़कत्या, विनित भड़कत्या, प्रकाश पटवारी, चांदमल खटोड़, मुकेश चीपड़ आदि उपस्थित थे।
धर्मसभा का संचालन करते हुए संस्थान के उपाध्यक्ष मनसुख पटवारी ने बताया कि राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश ठाणा-3 दिनांक 30 अप्रेल को प्रातः 6ः30 बजे गांधीनगर महावीर भवन से विहार कर पन्नाधाय काॅलोनी स्थित तेरापंथ सभा भवन में पधारेंगे तथा प्रातः 9 बजे मीरा नगर जैन स्थानक में धर्मसभा को संबोधित करेंगे तथा सायंकाल दिवाकर स्वाध्याय भवन सेंथी हेतु विहार करेंगे। अन्त में संस्था के मंत्री सुनील गोखरू ने सभी का आभार व्यक्त किया एवं संस्था के कोषाध्यक्ष अभय नाहर की ओर से प्रभावना का वितरण किया गया।
0 टिप्पणियाँ