चित्तौड़गढ़। सदर थाना क्षेत्र के बोजुन्दा गांव में शनिवार तड़के एक दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। महिला चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर सीताफल का कारोबार करती थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीजन में सीताफल की आवक होने पर महिला दुर्ग पर सीताफल लाने से पहले अपने बेटे के साथ सांवलियाजी दर्शन करने जा रही थी तभी किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। सूचना पर सदर थाने के कांस्टेबल प्रेम शंकर सुखवाल पहुंचे। उन्होनें बताया कि दुर्ग निवासी 65 वर्षीय गीता बाई पत्नी नन्दलाल गाडरी अपने 25 वर्षीय पुत्र देव किशन के साथ 5 बजे सांवलिया जी के लिए निकली थी। बोजुन्दा के आस-पास किसी वाहन ने पीछे से उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे महिला और उसका पुत्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गये और एम्बूलेंस से उन्हें चिकित्सालय लाया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतका गीता बाई दुर्ग पर सीताफल के ठेके लेती थी और इस बार भी 3-4 बाड़े ठेके पर लिए थे। कारोबार शुरू करने से पहले वह सांवलिया जी में चांदी का सीताफल चढ़ाने जा रही थी।
0 टिप्पणियाँ