कानाजी और उनकी गैया को न्यौछावर किया छप्पन भोग


निम्बाहेड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ की ओर से कल्याण लोक स्थित कल्याण गौशाला में देवोत्थापन एकादशी के पावन अवसर पर वहां विराजित भगवान श्री कृष्ण के गोपाल स्वरूप एवं सैकड़ों गैया मैया को अनूठा छप्पन भोग लगाया गया। कल्याण भक्तों की ओर से कान्हा जी को अर्पित छप्पन प्रकार की विभिन्न सब्जियां एवं फलों की झांकी देखने योग्य थीं। वहीं कल्याण भक्तों की ओर से गायों को सभी प्रकार की सब्जियां फल के साथ ही हरा चारा एवं लापसी का भोग लगाकर जिमाते हुए परिसर को गोकुल रूप में अलग ही पहचान दिलाने तथा सर्वत्र धन धान्य की वर्षा करते हुए आनन्दोत्सव की अनुभूति कराने का आग्रह किया गया। इस मौके पर वेदपीठ के आचार्य, बटुक, वेद विद्यालय के व्यासी एवं श्रद्धालु मौजूद थे। दूसरी ओर वेदपीठ पर विराजित कल्याण नगरी के राजाधिराज ठाकुर श्री कल्लाजी सहित पंच देवों को भक्तों की ओर से छप्पन भोग के रूप में सैकड़ों प्रकार की विभिन्न मिष्ठान, व्यंजन, नमकीन, फल, सूखे मेवे आदि अर्पित किए गए। जिनकी झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। इस मौके पर वेदपीठ के आचार्यों, बटुकों एवं कल्याण भक्तों द्वारा 51 हजार विष्णु एवं महालक्ष्मी सहस्त्रनाम के 51 हजार पाठ पूर्ण करने के साथ ही महायज्ञ में आहूतियां देकर सर्वत्र खुशहाली की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ