प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा : पुलिस की 5137 टीमों ने 20542 बदमाशों को किया गिरफ्तार


जयपुर। मुख्यमंत्री राजस्थान अशोक गहलोत के निर्देश पर प्रदेश में हार्डकोर अपराधियों, माफियाओं और अपराधिक गैंग्स के खिलाफ नियोजित तरीके से चलाये जा रहे व्यापक अभियान में पुलिस की 5,137 टीमों ने अपराधियों के लगभग 13,600 ठिकानों पर दबिश देकर 20542 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गत वर्ष की अपेक्षा इस माह मार्च महीने तक आपराधिक मामलों में 9% की कमी आई है।

पुलिस ने चलाया एरिया डोमिनेशन व रेड एण्ड सर्च अभियान
महानिदेशक पुलिस राजस्थान उमेश मिश्रा ने बताया राजस्थान पुलिस की ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास एवं अपराधियों में भय के अनुरूप राज्य स्तरीय व्यापक "एरिया डोमिनेशन व रेड एण्ड सर्च अभियान" प्रारम्भ करने से पूर्व समस्त जिलों एवं रेंजो द्वारा गहराई से होमवर्क किया गया। रेंज महानिरीक्षक स्वयं कन्ट्रोल रूम में और पुलिस अधीक्षकों द्वारा फील्ड में रहकर अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य किया।

फायरिंग और अवैध वसूली करने वाली गैंग बनी टारगेट
डीजीपी मिश्रा ने बताया कि अपराधियों का गुणगान करने वालों, फॉलों करने वालों एवं प्रश्रय देने वालों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान में विशेष रूप से आग्नेयास्त्रों का प्रदर्शन करने वालों और फायरिंग की घटनाओं में भी शामिल गैग्स को टारगेट किया गया। साथ ही कारोबारियों एवं संभ्रांत नागरिकों को अवैध वसूली के लिये कॉल कर धमकी देने के अपराध में लिप्त गैंग्स भी पुलिस के निशाने पर रहे।

बाहर बैठे बदमाशों पर कसा शिकंजा
महानिदेशक ने बताया कि कुछ अपराधी देश से बाहर बैठकर भी इस अपराध को अंजाम दे रहे थे। उनके विरूद्ध भी इन्टरपोल के माध्यम से शिंकजा कसा जा रहा है। रोहित गोदारा का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है और अनमोल विश्नोई व गोल्डी बरार के विरूद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने हेतु कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

हिरासत से भागने का प्रयास करने वालों पर सख्त कार्रवाई
मिश्रा ने बताया कि पुलिस पर हमला करने वालों एवं पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करने वालों पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2023 में 21 अपराधियों को पुलिस मुठभेड में गोली लगी एवं 25 अपराधी फरारी के प्रयास में घायल हुए।

ऑपरेशन वज्रप्रहार में अवैध कृत्यों से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई
पुलिस द्वारा अपराधियों को जड़ से समूल नष्ट करने के लिए ऑपरेशन वज्रप्रहार शुरू किया जिसके अन्तर्गत न सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी की गई बल्कि सर्च के दौरान अवैध कृत्यों से अर्जित की गई उनकी सम्पत्ति एवं वाहन इत्यादि पर भी कार्रवाई हेतु होमवर्क किया जा रहा है, इसके अन्तर्गत अब तक कुल 11512 हिस्ट्रीशीटर में से 2471 की सम्पत्ति का रिकॉर्ड संधारण किया गया है एवं 35 अपराधियों की सम्पत्ति पर कार्रवाही हेतु आई टी विभाग व स्थानीय निकायों को कार्रवाही हेतु सूचित किया गया है।

सोशल मीडिया पर फ़ॉलोअर्स भी घटे
सोशल मीडिया पर अपराधियों को फॉलो करने वालों के विरूद्ध कुल 36 प्रकरण दर्ज कर इन प्रकरणों में 56 लोगो को गिरफ्तार किया एवं प्रिवेन्टिव सेक्शनों में 1027 लोगों को गिरफ्तार किया। सोशल मीडिया के फॉलोवर्स एवं गैगस्टर के ऊपर प्रभावी कार्रवाई के परिणाम स्वरूप इन अपराधियों से युवाओं का मोहभंग हुआ है।अभियान से पूर्व बीकानेर में मोनू ग्रुप के सोशल मीडिया पर कुल 36537 फॉलोवर्स थे जो अब घटकर 9189 रह गये हैं। इसी प्रकार रोहित गोदारा के फॉलोवर्स 38862 से घटकर अब 6558 रह गये है और नये फॉलोवर्स बनने बंद हो गये।

20542 बदमाशों को किया गिरफ्तार
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि मार्च 2023 में एरिया डोमिनेशन के लिए पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के परिणामस्वरूप जघन्य अपराध में वाछित 433 अपराधी सहित विभिन्न अपराधों में वांछित 12895 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ