स्टेटस पर कनिष्ठ सहायक ने लगाया-राहुलजी नहीं रहे, शिक्षा विभाग ने किया सस्पेंड

उदयपुर। शहर के प्रताप नगर स्थित सिंधी भाषायी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कनिष्ठ सहायक बृजेश चंद्र मिश्रा को विभाग ने निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया स्टेटस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का फोटो लगाकर लिखा-राहुल गांधी नहीं रहे। ओम शांति। जबकि दूसरे स्टेटस पर नरेन्द्र मोदी के फोटो के साथ लिखा- कौन कहता है कि खूशबू सिर्फ गुलाब के फूल में होती है जालिम, कमल का बटन दबाकर देखो पूरा हिन्दुस्तान महकेगा।
इसकी कांग्रेस के ए-ब्लॉक के अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने शिकायत की थी। जांच के बाद शिक्षा मंत्री के निर्देश पर कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ने कनिष्ठ सहायक बृजेश चंद्र मिश्रा को निलंबित कर दिया। विभाग ने मिश्रा का कृत्य राजस्थान सिविल सेवाएं आचरण नियम का उल्लंघन माना तथा उसे निलंबन काल के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा धिकारी कर्यालय लसाड़िया में उपस्थिति देने को कहा है।
बताया गया कि 6 जून को विभाग को मिश्रा के स्टेटस लगाए जाने की शिकायत मिली थी। जिस पर जांच के बाद 9 जून को पहले उसे जांच प्रस्तावित होने तक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बड़गांव लगाया था। लेकिन, बाद में शिकायत की पुष्टि होने पर उसे निलंबित कर दिया गया। इस मामले में अभी तक पुलिस को शिकायत नहीं की गई है।
जबकि आरोपी कनिष्ठ सहायक मिश्रा का कहना है कि उनके फोन को उनकी पत्नी रेणु मिश्रा भी इस्तेमाल करती हैं। रेणु भाजपा की कार्यकर्ता हैं और भाजपा को पसंद करती हैं। संभव है कि उनकी पत्नी ने यह स्टेटस लगाया होगा। उससे उनका कोई लेना-देना नहीं।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ