तस्करों का पीछा करते पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चार जवान जख्मी


डूंगला, (विमल नलवाया)। कस्बे के समीप बुधवार रात्रि को तस्करों का पीछा करने के दौरान पुलिस की स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए जिन्हें बाद में उदयपुर ले जाया गया। रात्रि करीब 11 बजे जिला पुलिस विशेष टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान एक वाहन पुलिस को देखकर भागने लगा इस पर पुलिस ने अपने स्कॉर्पियो गाड़ी से उक्त वाहन का पीछा किया। कस्बे में भूत बंगला बस स्टैंड से आगे कानोड़ मार्ग पर अचानक तस्करों के वाहन द्वारा ब्रेक लगाने के बाद पुनः गाड़ी तेज कर भगा दी। इस दौरान असंतुलित होकर स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में सूचना पर स्थानीय पुलिस थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और घायलों को यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर उदयपुर रेफर किया गया।
घायलों में जिला विशेष टीम के चंद्र करण सिंह, दिनेश, दुर्गाराम और मुनेंद्र चौधरी हैं। जिन्हें उदयपुर अस्पताल ले जाया गया। मुनेंद्र चौधरी को हाथ में चोट लगी हैं। सभी खतरें से बाहर हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ