डूंगला, (विमल नलवाया)। थाना क्षेत्र में एक युवक लिफ्ट लेने के बहाने अधेड़ की बाइक ले भागा। उसके साथ एक महिला भी थी ऐसे में पुलिस उसकी भी भूमिका संदिग्ध मानते हुए दोनों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार घटना एक सप्ताह पहले की है लेकिन फरियादी मंगलवाड़ निवासी भगवान लाल द्वारा कल ही रिपोर्ट दी गई। फरियादी के अनुसार वह मंगलवाड़ से अपने गांव जा रहा था इस दौरान मंगलवाड़ चौराहा स्थित मंदिर के पास रहने वाली जमुना उर्फ लीला भील ने उससे लिफ्ट मांगी। लीला ने सारंगपुरा छोड़ने पर पेट्रोल भरवाने का भी आश्वासन दिया। इस पर उसके साथ एक युवक को लिफ्ट देते हुए सारंगपुर पहुंचा। जहां रात्रि विश्राम के बाद दूसरे दिन मंगलवाड़ के लिए रवाना होने लगा कि उस युवक ने मंगलवाड़ आने की बात कही। दोनों ही बाइक से निकले कि रास्ते में मंगलवाड़ और डूंगला के बीच पेट्रोल खत्म हो गया। उस युवक ने किसी अन्य व्यक्ति को बाइक लेकर बुलाया और उसे उसके साथ और पेट्रोल लेने के लिए पेट्रोल पंप रवाना कर दिया। उनके रवाना होते ही वह युवक भगवान लाल की बाइक लेकर भाग खड़ा हुआ। थाना प्रभारी के अनुसार इस मामले में युवक और उस महिला की तलाश की जा रही है। उसके बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ पाएगी।
0 टिप्पणियाँ